जिम्बाब्वे बनाम भारत: तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को हराते हुए सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बनाई हुई है। अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 26 जुलाई को हरारे में ही खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली मेहमान टीम के पास आखिरी मैच को जीतते हुए सीरीज को क्लीन स्वीप करने का शानदार मौका होगा। ऐसे में आइए इस मुकाबले के प्रीव्यू और अन्य सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और जिम्बाब्वे के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2010 में खेला गया था।
अब तक दोनों टीमों के बीच 16 मुकाबले हुए हैं, जिसमें से भारतीय टीम को 13 में जीत मिली है और 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
जिम्बाब्वे की धरती पर दोनों के बीच अब तक 14 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 11 मैच में जीत मिली है और 3 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
भारत
एक बदलाव के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
अब तक हुए सीरीज के दोनों मैचों में अभिषेक शर्मा दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके हैं। वह फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे। उनकी और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेगी।
दूसरे मैच के दौरान प्रिंस यादव चोटिल हुए थे। उनकी जगह अशोक शर्मा को मौका मिल सकता है।
संभावित एकादश: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा, यश ठाकुर, और मयंक यादव।
जिम्बाब्वे
इस संयोजन के साथ उतर सकती है जिम्बाब्वे की टीम
दूसरे टी-20 में जिम्बाब्वे के गेंदबाज बेहद महंगे साबित हुए और यही कारण रहा है कि भारत ने 219/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। गेंदबाज अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे।
अब तक दोनों मैचों में सिकंदर रजा ने निराश किया है। वह आखिरी मैच में अपनी उपयोगिता साबित करना चाहेगी।
संभावित एकादश: ब्रायन बेनेट, बेन कर्रन, डायोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रायन बर्ल, वेस्ली माधेवेरे, तादिवनाशे मारुमानी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड नगारवा, और ब्लेसिंग मुजराबानी।
जानकारी
कैसा रहेगा हरारे का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, रविवार को हरारे में मौसम अनुकूल रहने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। इससे दर्शकों को पूरा मैच देखने को मिल सकता है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
ईशान किशन बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने सीरीज के शुरुआती 2 मैचों में क्रमशः 35 और 81 रन बनाए।
तिलक ने दूसरे टी-20 मैच में ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 60 रन बनाए। वह अपनी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।
जिम्बाब्वे से बेनेट ने 19 गेंदों में 3 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। वह टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे।
जानकारी
कब और कहां देखे मैच?
तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 26 जुलाई को शाम 4:30 बजे से हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। इस टी-20 मैच का सीधा प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप पर उपलब्ध रहेगी।