जिम्बाब्वे बनाम भारत: अभिषेक शर्मा ने दूसरे टी-20 में लिए 3 विकेट, किया सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 90 रन से हराते हुए सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बनाई। हरारे में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 220 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम सिर्फ 129 रन पर ही सिमट गई। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 3 विकेट लिए। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
शानदार रही अभिषेक की गेंदबाजी
अभिषेक ने अपने पहले ओवर में ब्रेड इवांस को आउट करते हुए विकेटों का खाता खोला।
अपने दूसरे ओवर में इस स्पिनर ने न्यूमैन न्यामहूरी को पवेलियन की राह दिखाई।
दिलचस्प रूप से अभिषेक ने इन दोनों खिलाड़ियों को बोल्ड किया।
उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाज रिचर्ड नगारावा को आउट करते हुए पारी को समेट दिया।
बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 2.5 ओवर में 17 रन देते हुए 3 विकेट लिए।
आंकड़े
अभिषेक ने गेंदबाजी में किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
अभिषेक ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
उन्होंने अब तक 20 पारियों में गेंदबाजी की है, जिसमें 25.60 की औसत के साथ 10 विकेट लिए हैं।
दूसरी तरफ बल्लेबाजी में उन्होंने 54 पारियों में 31.28 की औसत और 187.87 की स्ट्राइक रेट के साथ 1627 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 135 रन रहा है।