कर्टनी वॉल्श बने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के नए गेंदबाजी कोच
क्या है खबर?
कर्टनी वॉल्श को जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम का स्थायी गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है। यह फैसला 23 जून को हुई जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड की बैठक में लिया गया था, जबकि इसकी आधिकारिक घोषणा बुधवार (1 जुलाई) को की गई। वॉल्श इससे पहले इस साल भारत और श्रीलंका में आयोजित टी-20 विश्व कप 2026 के दौरान जिम्बाब्वे टीम के गेंदबाजी सलाहकार के रूप में काम कर चुके हैं। अब उन्हें स्थायी तौर पर टीम से जोड़ लिया गया है।
जिम्बाब्वे
जिम्बाब्वे ने इस साल
जिम्बाब्वे ने टी-20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को हराकर अपने समूह में शीर्ष स्थान हासिल किया था। टीम ने सुपर-8 में जगह बनाने के साथ ही 2028 संस्करण के लिए भी क्वालीफाई भी किया। इस बीच, जिम्बाब्वे क्रिकेट ने मुख्य कोच जस्टिन सैमन्स के नेतृत्व वाले कोचिंग स्टाफ को बरकरार रखने का फैसला किया है। डियोन इब्राहिम बल्लेबाजी कोच और स्टुअर्ट मात्सिकेन्येरी फील्डिंग एवं निचले क्रम के बल्लेबाजी कोच होंगे।
अनुभव
कैसा है वॉल्श का कोचिंग अनुभव?
टेस्ट क्रिकेट में सबसे पहले 500 विकेट लेने वाले वॉल्श को कोचिंग के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है। वह पहले बांग्लादेश के लिए विशेष गेंदबाजी कोच और वेस्टइंडीज महिला टीम के मुख्य कोच के रूप में काम कर चुके हैं। साल 2024 में वह जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के तकनीकी सलाहकार भी थे। उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में उनका व्यापक अनुभव वैश्विक प्रतियोगिता से पहले जिम्बाब्वे टीम को मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मेजबानी
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज खेल रही है जिम्बाब्वे
जिम्बाब्वे इस समय बांग्लादेश की मेजबानी कर रहा है, जहां दोनों टीमों के बीच सभी प्रारूपों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के एकमात्र टेस्ट में जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पारी और 85 रन से जीत दर्ज की। यह टेस्ट क्रिकेट में उसकी अब तक की सबसे बड़ी जीत रही। खास बात यह रही कि यह मुकाबला नए कप्तान रिचर्ड नगरावा की अगुवाई में टीम का पहला मैच ही था, जिसे जिम्बाब्वे ने यादगार बना दिया।