टी-20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार दक्षिण अफ्रीका को हराना चाहेगी जिम्बाब्वे, जानिए प्रीव्यू
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 51वें मुकाबले में जिम्बाब्वे का सामना दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम से होगा। जिम्बाब्वे सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन वह इस टूर्नामेंट में अपना आखिरी मुकाबला जीतकर सम्मानजनक विदाई लेना चाहेगी। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 चरण में अब तक अपने सभी मुकाबले जीते हैं। ऐसे में यह मुकाबला उनके लिए अंतिम-4 से पहले तैयारियों को परखने का बेहतरीन मौका होगा। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और जरूरी बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत पाई है जिम्बाब्वे
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 7 मैचों में दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज की है, जबकि जिम्बाब्वे को एक भी मुकाबले में सफलता नहीं मिल सकी है। एक मैच बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ है। टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 2 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें एक मुकाबला दक्षिण अफ्रीका ने जीता, जबकि दूसरा मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था।
प्लेइंग इलेवन
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है जिम्बाब्वे
जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट कमाल के फॉर्म में हैं। अब तक उन्हें किसी भी मैच में कोई भी गेंदबाज आउट नहीं कर पाया है। वह इसी फॉर्म को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी जारी रखना चाहेंगे। टीम के गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डायन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, टिनोटेंडा मापोसा, ब्लेसिंग मुजारबानी और रिचर्ड नगारावा।
एकादश
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है दक्षिण अफ्रीका की टीम
दक्षिण अफ्रीका इस विश्व कप में अब तक एक भी मुकाबला नहीं हारी है। ऐसे में वो अपने प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव करने को नहीं देखेगी। टीम की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों कमाल की रही है। अनुभवी एडेन मार्करम और डेविड मिलर अपना शानदार फॉर्म जारी रखना चाहेंगे। संभावित एकादश: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवॉल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी।
पिच
ऐसी रहेगी अरुण जेटली स्टेडियम की पिच
ये मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। वहां की पिच बल्लेबाजों को काफी रास आती है। तेज आउटफील्ड और छोटी सीमाएं बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने की प्रेरित करती हैं। तेज गेंदबाजों को यहां ज्यादा मदद नहीं मिलती। ऐसे में उन्हें अतिरिक्त प्रयास करने होते हैं। स्पिनरों को पिच से मदद मिलती है और उनका रिकॉर्ड भी यहां अच्छा रहता है। इस स्टेडियम की पिच काली मिट्टी से बनी है, जो काफी कठोर और सपाट है।
जानकारी
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 1 मार्च को दिल्ली में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने का अनुमान है। मैच के दौरान बारिश होने की संभावना बिल्कुल भी नहीं है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें
बेनेट ने पिछली 10 पारियों में 77.5 की औसत से 465 रन बनाए हैं। रजा के बल्ले से पिछली 10 पारियों में 325 रन निकले हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिए डिकॉक ने पिछली 9 पारियों में 379 रन बनाए हैं। जिम्बाब्वे से इवांस ने पिछले 10 मैचों में 18 विकेट चटकाए हैं। मुजारबानी ने पिछले 5 मैचों में 12 विकेट लिए हैं। एनगिडी के खाते में पिछले 7 मुकाबलों में 7.08 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट आए हैं।
जानकारी
कब और कहां खेले जाएंगे मुकाबले?
दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच यह मैच 1 मार्च को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।