Page Loader
IPL 2025 में जहीर खान होंगे लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर
जहीर खान को बड़ा पद मिला है (तस्वीर: एक्स/@ImZaheer)

IPL 2025 में जहीर खान होंगे लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर

Aug 28, 2024
04:23 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के नए मेंटर होंगे। गौतम गंभीर ने पिछले सीजन LSG का मेंटर पद छोड़ा था। इसके बाद यह पद खाली था। गंभीर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) चले गए थे। अभी वह भारतीय टीम के कोच हैं। साल 2018 से 2022 तक जहीर मुंबई इंडियंस (MI) के साथ टीम निदेशक के पद पर थे।

भूमिका

ये भूमिका भी निभाएंगे जहीर

मेंटर की भूमिका के अलावा जहीर ऑफ सीजन में खिलाड़ियों की स्काउटिंग और उनके विकास कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। LSG के पूरे कोचिंग दल का नेतृत्व जस्टिन लैंगर कर रहे हैं जो IPL 2024 से पहले एंडी फ्लावर की जगह फ्रेंचाइजी के कोच बने थे। उनके सहायक लांस क्लूजनर और एडम वोजेस हैं। अपने पहले 2 सीजन में LSG प्लेऑफ में पहुंची थी। तीसरे सीजन में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं था। वह प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाए थे।

ट्विटर पोस्ट

LSG ने जहीर के लिए साझा किया वीडियो 

पद

MI के साथ जुड़े रहे जहीर 

साल 2018 में जहीर MI से जुड़े थे। उन्हें 2022 में महेला जयवर्धने के साथ MI के ओवरऑल टीम के विकास और रणनीति पर काम करने के लिए जोड़ा गया था। वे एक हाई परफार्मेंस इको सिस्टम तैयार करने के लिए टीम से जुड़े थे। इसके अलावा दोनों को कोचिंग और मजबूत आधारभूत ढांचा बनाने का काम भी करना था। जहीर को खिलाड़ियों के विकास पर भी ध्यान देना था। जहीर अब इस पद पर नहीं हैं।

IPL

कैसा रहा है जहीर का IPL करियर?

जहीर MI और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए IPL में खेले थे। उन्होंने 100 मैच की 99 पारियों में 27.27 की औसत से 102 विकेट लिए थे। उनकी इकॉनमी रेट 7.59 की रही थी। जहीर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/17 का रहा था। उन्होंने अपना पहला IPL मैच साल 2008 में KKR के खिलाफ खेला था। आखिरी बार वह 2017 में खेलते हुए नजर आए थे। टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में इस खिलाड़ी ने 17 मैच में 17 विकेट झटके थे।

प्रदर्शन 

IPL 2024 में ऐसा रहा था LSG का प्रदर्शन 

LSG को 14 मुकाबलों में से 7 में जीत और 7 में हार मिली थी। वह 14 अंकों के साथ (-0.667) 7वें स्थान पर रही थी। केएल राहुल LSG के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 14 पारियों में 37.14 की औसत और 141.28 की स्ट्राइक रेट से 527 रन बनाए थे। LSG से सबसे ज्यादा विकेट नवीन-उल-हक ने चटकाए थे। उन्होंने 10 मैचों में 26.57 की औसत और 10.19 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट लिए थे।