जहीर खान का CSK के साथ नया सफर, सचिन-धोनी के साथ बिताए पलों को किया याद
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के मुख्य कोच नियुक्त किए जाने के बाद पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के गौरवशाली क्षणों को याद किया है। फ्रेंचाइजी द्वारा साझा किए वीडियो में जहीर ने सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह जैसे दिग्गजों के साथ बिताए गए पलों और अपनी ऐतिहासिक जीतों को साझा किया, लेकिन स्पष्ट किया कि क्रिकेट में हमेशा आगे देखना ही एकमात्र रास्ता है।
संदेश
जहीर ने वीडियो के साथ दिया अहम संदेश
CSK द्वारा जारी आधिकारिक वीडियो में जहीर ने अपने शानदार करियर को याद करते हुए अहम संदेश दिया।
उन्होंने कहा, "इस खेल ने मुझे कई अध्याय दिए। ऐसे अध्याय जिन्होंने मेरी परीक्षा ली। मुझे बदला और मुझे ऐसे क्षण दिए, जिन्हें मैं जीवन भर अपने साथ रखूंगा। हालांकि, यह खेल वास्तव में कभी पीछे मुड़कर देखने के बारे में नहीं रहा है क्योंकि हर अध्याय आपको अगले अध्याय की ओर ले जाता है।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो पोस्ट
A new chapter
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) September 24, 2026
Ungal Anbuden, Zaheer! 🦁💛#WhistlePodu #Yellove pic.twitter.com/zpoP0HVMOU
अध्याय
वीडियो में दिखे जहीर के अतीत के सुनहरे अध्याय
वीडियो में जहीर ने भारतीय क्रिकेट इतिहास के उन 3 सबसे बड़े मोड़ों को याद किया, जिन्होंने उनके करियर की दिशा तय की थी।
इसमें साल 2002 में लॉर्ड्स के मैदान पर ऐतिहासिक नेटवेस्ट ट्रॉफी की जीत, वनडे विश्व कप 2003 के फाइनल तक भारतीय टीम के सफर और वनडे विश्व कप 2011 में वानखेड़े स्टेडियम में ऐतिहासिक विश्व कप की ट्रॉफी जीतना शामिल है।
उस विश्व कप में वह सचिन, धोनी और युवराज के साथ विश्व विजेता बने थे।
चुनौती
जहीर के सामने CSK को पुनर्जीवित करने की बड़ी चुनौती
CSK के मुख्य कोच के रूप में जहीर का यह कार्यकाल सबसे कठिन परीक्षा माना जा रहा है।
उनके सामने स्टीफन फ्लेमिंग की एक बेहद समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है, जिन्होंने 16 वर्षों में टीम को 5 IPL खिताब दिलाए।
लगातार 3 सीजन से प्लेऑफ की दौड़ से बाहर रहने वाली CSK की टीम में इस समय कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के नए नेतृत्व को निखारने और धोनी की अनिश्चितता को सुलझाने की बड़ी चुनौतियां हैं।