भारतीय पुरुष क्रिकेट में 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को टी-20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में 35 रनों से हराकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमा लिया। इस मुकाबले में सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 81 रन की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार से भी नवाजा गया। वह अंतरराष्ट्रीय में 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार जीतने वाले सबसे युवा भारतीय बन गए हैं।
#1
वैभव सूर्यवंशी - 15 साल 121 दिन
सूर्यवंशी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार जीतने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बन गए हैं।
उन्होंने 15 साल और 121 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है। उन्होंने मैच में एक छोर को संभालते हुए 49 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 81 रन की बेहतरीन पारी खेली।
इसकी बदौलत भारतीय टीम 192/5 का बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। बाद में उसने 35 रनों से जीत दर्ज की।
#2
सचिन तेंदुलकर - 17 साल 112 दिन
इस सूची में पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर दूसरे पायदान पर मौजूद हैं।
उन्होंने 1990 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए टेस्ट में 17 साल और 112 दिन की उम्र में 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार हासिल किया था।
उसमें सचिन ने पहली पारी में 136 गेंदों में 68 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि दूसरी पारी में 189 गेंदों में नाबाद 119 रन की शतकीय पारी खेली थी।
हालांकि, वह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।
#3
रवि शास्त्री - 18 साल 295 दिन
सूची में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रवि शास्त्री तीसरे नंबर पर मौजूद हैं।
उन्होंने 1981 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए टेस्ट में 18 साल और 295 दिन की उम्र में 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार अपने नाम किया था।
उस मुकाबले में शास्त्री ने न्यूजीलैंड की पहली पारी में 5/56 के आंकड़े दर्ज किए थे, जबकि दूसरी पारी में 2/24 के आंकड़े दर्ज किए थे। उनके इस प्रदर्शन से भारतीय टीम मुकाबला ड्रॉ कराने में सफल रही थी।
#4
युवराज सिंह - 18 साल 300 दिन
सूची में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह चौथे नंबर पर हैं।
उन्होंने 2000 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे में 18 साल और 300 दिन की उम्र में 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार अपने नाम किया था।
उस मुकाबले में युवराज ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 80 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 84 रन की पारी खेली थी।
इससे भारत ने 265/9 का स्कोर खड़ा किया और ऑस्ट्रेलिया को 245 रन पर रोक दिया।