टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अर्धशतक लगाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 50 रन बनाए और भारत ने 7 विकेट से मैच जीता। हरारे में खेले गए मैच में अर्धशतक लगाने के साथ ही सूर्यवंशी ने इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। आइए इस सूची के बारे में जानते हैं।
#1
वैभव सूर्यवंशी (15 साल और 118 दिन)
क्रिकबज के मुताबिक, 15 साल और 118 दिन की उम्र में सूर्यवंशी टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पहला अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए।
जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 19 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 4 चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे। उनकी पारी का अंत रिचर्ड नगारवा ने किया।
#2
लुई ब्रूस (16 साल और 56 दिन)
सूर्यवंशी ने जिब्राल्टर के लुई ब्रूस का रिकॉर्ड तोड़ा। अगस्त 2021 में माल्टा के खिलाफ, 16 साल और 56 दिन की उम्र में ब्रूस ने 53 गेंदों पर 60 रन बनाए थे।
पारी की शुरुआत करते हुए ब्रूस ने 5 चौके लगाए और जिब्राल्टर का स्कोर 148/5 तक पहुंचाया था। इसके बावजूद उनकी टीम को 8 विकेट से हार मिली थी।
इसके ठीक एक दिन बाद वैलेटा कप में माल्टा के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने एक और अर्धशतक लगाया था।
#3
केविन चड्ढा (16 साल और 76 दिन)
इस सूची में इंडोनेशिया के केविन चड्ढा तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 16 साल और 76 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए इस युवा खिलाड़ी ने इस साल अप्रैल में स्वीडन के खिलाफ सिर्फ 37 गेंदों में 60 रन बनाए थे।
उनकी शानदार पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे, जिसकी बदौलत इंडोनेशिया ने 146 रन के लक्ष्य को हासिल किया था।
#4
अलुसीन तुरे (16 साल और 89 दिन)
ACA कप 2023 में सिएरा लियोन के अलुसीन तुरे ने घाना क्रिकेट टीम के खिलाफ 72 गेंदों में नाबाद 78 रन बनाए थे। महज 16 साल की उम्र में उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक लगाया था।
उनके अर्धशतक के बावजूद सिएरा लियोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 111/6 का स्कोर बनाया था।
जवाब में घाना ने इस छोटे से लक्ष्य को 8 विकेट खोकर हासिल किया था।