Loading...
शेयर बाजार में क्यों देखने को मिल रही भारी गिरावट? निवेशकों के डूबे 6 लाख करोड़
सुबह-सुबह सेंसेक्स में 900 अंकों की गिरावट दर्ज हुई है

शेयर बाजार में क्यों देखने को मिल रही भारी गिरावट? निवेशकों के डूबे 6 लाख करोड़

Jul 24, 2026
11:05 am

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज (24 जुलाई) सुबह-सुबह भारी गिरावट देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स में 900 अंकों की गिरावट दर्ज हुई है, जिससे बाजार के निवेशकों को करीब 6 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सुबह करीब 10:00 बजे सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा गिरकर 75,474 के स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 260 अंक से ज्यादा टूटकर 23,606 पर पहुंच गया।

चिंता

कच्चे तेल और वैश्विक तनाव से बढ़ी चिंता

बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और अंतरराष्ट्रीय तनाव माना जा रहा है।

ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है और जुलाई में अब तक करीब 40 प्रतिशत चढ़ चुका है। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

इससे महंगाई, आयात खर्च और कंपनियों की कमाई पर दबाव बढ़ने की आशंका गहरा गई है।

दबाव

विदेशी निवेश की चिंता से बढ़ा दबाव

अमेरिका में 10 साल की बॉन्ड यील्ड बढ़कर करीब 4.71 प्रतिशत पहुंच गई है।

ऐसे में विदेशी निवेशकों के उभरते बाजारों से पैसा निकालने की आशंका बढ़ गई है। इससे भारतीय शेयर बाजार पर भी दबाव देखने को मिला है।

निवेशकों ने आज खरीदारी की जगह बिकवाली को प्राथमिकता दी है, जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी काफी तेज गिरावट दर्ज की गई।

ADVERTISEMENT

टैरिफ

ट्रंप के नए टैरिफ ने बढ़ाई बेचैनी

बाजार पर दबाव बढ़ने की एक बड़ी वजह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ घोषणा भी मानी जा रही है।

अमेरिका ने 60 से अधिक व्यापारिक साझेदार देशों पर 10 से 12.5 प्रतिशत तक नए आयात शुल्क लगाने का ऐलान किया है। वहीं, ब्राजील पर 25 प्रतिशत, कनाडा पर 50 प्रतिशत और कुछ दवाओं पर 200 प्रतिशत तक टैरिफ की घोषणा की गई है।

इससे वैश्विक कारोबार और निवेशकों की धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा है।

ADVERTISEMENT