
WTC: भारत के लिए इन खिलाड़ियों ने बनाए हैं सर्वाधिक 50+ स्कोर, जानिए शीर्ष पर कौन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी (54) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 18वां और इंग्लैंड के खिलाफ 7वां अर्धशतक रहा। इसके साथ ही वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय भी बन गए हैं। ऐसे में आइए WTC में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले शीर्ष भारतीयों के बारे में जानते हैं।
#1
ऋषभ पंत - 22
इस सूची में विकेटकीपर बल्लेबाज पंत पहले स्थान पर हैं। उन्होंने WTC में 38 मुकाबले खेले हैं और इसकी 67 पारियों में 43.34 की औसत से 2,731 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 22 बार 50+ रन के स्कोर बनाए हैं। उनके बल्ले से 6 शतक और 16 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 146 रन का रहा है। वह WTC में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं।
#2
रविंद्र जडेजा - 19
इस सूची में अब ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने WTC में 43 मुकाबलों की 65 पारियों में 40.58 की औसत से 2,232 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 19 बार 50+ रन के स्कोर बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 शतक और 16 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 175 रन का रहा है। वह WTC में 79 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 26.80 की औसत से 135 विकेट भी चटका चुके हैं।
#3
यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा - 17-17
इस सूची में यशस्वी जायसवाल और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर हैं। जायसवाल 23 मैचों की 43 पारियों में 50.95 की औसत से 2,089 रन बना चुके हैं। इस दौरान 17 बार 50+ स्कोर बनाए हैं, जिसमें 5 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। रोहित ने 40 मैचाें की 69 पारियों में 2,716 रन बनाए थे। इसमें 17 बार 50+ के स्कोर थे। उन्होंने 9 शतक और 8 अर्धशतक लगाए थे।
#4
चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली- 16-16
सूची में पूर्व कप्तान विराट कोहली और बेहतरीन बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। दोनों खिलाड़ियों ने 16-16 बार WTC में 50+ रन के स्कोर बनाए हैं। कोहली ने 46 मैचों की 79 पारियों में 35.36 की औसत से 2,617 रन बनाए हैं। इसमें 5 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं। पुजारा ने 35 मैचों 62 पारियों में 29.95 की औसत से 1,769 रन बनाए थे। उस दौरान उन्होंने 1 शतक और 15 अर्धशतक जड़े थे।