Page Loader
WTC फाइनल: ICC टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबलों में खामोश रहता है रोहित का बल्ला, जानिए आंकड़े 
रोहित शर्मा फाइनल मुकाबलों में कुछ खास नहीं कर पाते हैं (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

WTC फाइनल: ICC टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबलों में खामोश रहता है रोहित का बल्ला, जानिए आंकड़े 

Jun 06, 2023
02:50 pm

क्या है खबर?

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल मुकाबला 7 जून (बुधवार) से भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाना है। इस बीच भारत ICC ट्रॉफी जीतने के अपने सूखे को खत्म करने के लिए पूरा जोर लगाना चाहेगी। टीम ने आखिरी बार ICC ट्रॉफी साल 2013 (ICC चैंपियंस ट्रॉफी) में जीती थी। टीम के कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला ICC ट्रॉफी के फाइनल में खामोश ही रहा है। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

फाइनल

फाइनल मुकाबलों में ऐसा रहा है रोहित का प्रदर्शन 

रोहित ने 2007 के टी-20 विश्व कप के फाइनल में 16 गेंद में नाबाद 30 रन बनाए थे। इसके बाद वह कभी भी फाइनल में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। साल 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 14 गेंद में 9 रन बनाए थे। 2014 के टी-20 विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 26 गेंद में सिर्फ 29 रन बनाए। 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ वह खाता भी नहीं खोल पाए थे।

बल्लेबाजी

पिछले WTC फाइनल में भी नहीं चला था रोहित का बल्ला 

भारतीय क्रिकेट टीम पिछले WTC के फाइनल में भी पहुंची थी, जहां उन्हें न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस मुकाबले में भी रोहित कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। उन्होंने पहली पारी में 68 गेंदों का सामना किया और 34 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरी पारी में भी उन्होंने 81 गेंदों का सामना किया, लेकिन वह सिर्फ 30 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

प्रदर्शन 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी रोहित का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा 

रोहित का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने 11 टेस्ट की 20 पारियों में 34.21 की औसत से 650 रन बनाए हैं। इस बीच वह सिर्फ 1 शतक और 3 अर्धशतक लगा पाए हैं। ऑस्ट्रेलिया टीम रोहित के लिए दूसरी सबसे खराब औसत वाली टीम है। बता दें कि भारतीय कप्तान ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के विरुद्ध 3 टेस्ट में 11 की औसत से 33 रन बनाए हैं।

उम्मीद

इस कारण रोहित से लगाई जा रही है उम्मीद 

WTC का फाइनल मुकाबला इंग्लैंड के ओवल मैदान पर खेला जाएगा। जब भारतीय टीम ने इस मैदान पर अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था, तब रोहित के बल्ले से खूब रन बरसे थे। उन्होंने यहां 2 पारियों में 69 की औसत से 138 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 128 रन रहा है। उन्होंने 283 गेंदों का सामना किया है। रोहित ने 48.76 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।