Page Loader
WTC फाइनल: रोहित शर्मा को 8 बार अपना शिकार बना चुके हैं नाथन लियोन, जानिए आंकड़े 
नाथ लियोन भारत के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हैं (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

WTC फाइनल: रोहित शर्मा को 8 बार अपना शिकार बना चुके हैं नाथन लियोन, जानिए आंकड़े 

Jun 03, 2023
08:00 am

क्या है खबर?

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 जून को खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा होंगे। वह सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलते नजर आ सकते हैं। ऐसे में उनसे काफी उम्मीदें होगी। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिन गेंदबाज नाथन लियोन रोहित के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हैं और दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। आइए दोनों के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

आंकड़े

रोहित को 8 बार आउट कर चुके हैं लियोन 

लियोन और रोहित के बीच 17 पारियों में आमना-सामना हुआ है। इस दौरान उन्होंने रोहित को 8 बार आउट किया है। रोहित ने लियोन के खिलाफ 207 रन बनाए हैं और 385 गेंदों का सामना किया है। भारतीय कप्तान की स्ट्राइक रेट इस दिग्गज गेंदबाज के सामने 53.76 की रही है। लियोन दूसरे WTC चक्र में सबसे ज्यादा विकेट (83) लेने वाले गेंदबाज हैं। ऐसे में रोहित को लियोन के खिलाफ परेशानी हो सकती है।

प्रदर्शन 

WTC के दूसरे चक्र में कैसा रहा है लियोन का प्रदर्शन?

लियोन वर्तमान चरण में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने घर और बाहर दोनों जगह अपनी टीम की सफलता में प्रमुख भूमिका निभाई है। इस दौरान उन्होंने 19 मैच में 26.97 की शानदार औसत और 2.57 की इकॉनमी रेट से 83 विकेट भी हासिल किए हैं। उन्होंने 5 बार पारी में 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। भारत के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में उन्होंने 22 विकेट लिए थे।

ऑस्ट्रेलिया 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैसा रहा है रोहित का प्रदर्शन?

रोहित का ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने 11 टेस्ट की 20 पारियों में 34.21 की औसत से 650 रन बनाए हैं। इस बीच वह सिर्फ 1 शतक और 3 अर्धशतक लगा पाए हैं। ऑस्ट्रेलिया रोहित के लिए दूसरी सबसे खराब औसत वाली टीम है। पहले नंबर पर बांग्लादेश क्रिकेट टीम है। उनके विरुद्ध रोहित ने 3 टेस्ट में 11 की औसत से 33 रन बनाए हैं।

आंकड़े

भारत के खिलाफ लियोन का कैसा रहा है प्रदर्शन?

लियोन भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज हैं। उन्होंने साल 2011 से 2023 तक 26 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 32.40 की औसत से 116 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने 9 बार 5 विकेट हॉल लिया है। वह 187 ओवर मेडन भी फेंक चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8/50 विकेट का रहा है। भारत के खिलाफ इस स्पिन गेंदबाज ने 1229.4 ओवर गेंदबाजी की है। उनकी इकॉनमी 3.05 की रही है।

करियर

कैसा रहा है लियोन का टेस्ट करियर?

अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई ऑफ स्पिनर ने 119 टेस्ट मैच खेले हैं और जिसमें 31.23 की औसत और 2.92 की इकॉनमी से 482 विकेट लिए हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 100 से ज्यादा विकेट लेने वाले एकमात्र ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ टेस्ट प्रदर्शन (8/50) भी भारत के खिलाफ (2017) आया था। उन्होंने अपने पूरे करियर में 23 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 1,007 ओवर मेडन भी फेंके हैं।