
WTC 2023-25: इस चक्र में इन बल्लेबाजों ने खेली 250+ रन की पारी
क्या है खबर?
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023-25 का खिताब दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने अपने नाम किया।
इस चक्र के फाइनल में तेम्बा बावुमा की कप्तानी वाली प्रोटियाज टीम ने पैट कमिंस के नेतृत्व वाली ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हरा दिया।
यह 1998 के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम का सिर्फ दूसरा ICC खिताब है।
इस बीच WTC 2023-25 में 250+ रन की पारी खेलने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
हैरी ब्रूक (317 बनाम पाकिस्तान, 2024)
इंग्लैंड के हैरी ब्रूक इस चक्र में तिहरा शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे।
उन्होंने अक्टूबर 2024 में मुल्तान में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपनी पहली पारी में 317 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने उस मैच को पारी और 47 रन से जीता था।
ब्रूक ने इस चक्र में 17 टेस्ट खेले, जिसमें 50.44 की औसत के साथ 1,463 रन बनाए थे। उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे।
#2
जो रूट (262 बनाम पाकिस्तान, 2024)
जिस मुकाबले में ब्रूक ने तिहरा शतक लगाया उसी मैच में जो रूट ने दोहरा शतक लगाया था।
पूर्व इंग्लिश कप्तान ने उस मैच में 262 रन की पारी खेली थी। इस जोड़ी ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 454 रन की बड़ी साझेदारी भी निभाई थी।
रूट इस चक्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 2023-25 में 22 टेस्ट में 54.66 की औसत से 1,968 रन बनाए।
#3
रयान रिकेल्टन (259 रन बनाम पाकिस्तान, 2025)
रिकेल्टन ने जनवरी, 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ 259 रन की पारी खेली थी।
रिकेल्टन दक्षिण अफ्रीका के लिए खेलते हुए पाकिस्तान के खिलाफ दोहरा शतक लगाने वाले सिर्फ चौथे बल्लेबाज बने थे।
उनसे पहले ग्रीम स्मिथ (साल 2013), एबी डिविलियर्स (साल 2010) और हर्शल गिब्स (2003) ने यह कारनामा किया था।
रिकेल्टन ने मौजूदा चक्र में 7 मैचों में 47.30 की औसत के साथ 473 रन बनाए।
फाइनल
इस तरह से रहा फाइनल मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ (66) और ब्यू वेब्स्टर (72) के अर्धशतकों की बदौलत 212 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका से रबाडा ने 5 विकेट लिए।
जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम पैट कमिंस की घातक गेंदबाजी (6/28) के सामने 138 पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर बढ़त लेने वाली ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 202 रन बनाए।
जीत के लिए मिले 282 रन के लक्ष्य को प्रोटियाज टीम ने मार्करम के शतक (136) की बदौलत हासिल किया।