LOADING...
WTC 2023-25 में ऐसा रहा दक्षिण अफ्रीका का सफर, आंकड़ों के साथ जानिए प्रदर्शन 
दक्षिण अफ्रीका का तीसरे चक्र में सफर कमाल का रहा (तस्वीर: एक्स/@ICC)

WTC 2023-25 में ऐसा रहा दक्षिण अफ्रीका का सफर, आंकड़ों के साथ जानिए प्रदर्शन 

Jun 14, 2025
05:50 pm

क्या है खबर?

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023-25 के खिताब पर दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने कब्जा जमा लिया है। फाइनल में उसने मजबूत ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हरा दिया। 27 साल के बाद यह पहला मौका है जब दक्षिण अफ्रीका टीम ने कोई ICC ट्रॉफी अपने नाम की है। आखिरी बार उसने 1998 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। ऐसे में आइए तीसरे चक्र में दक्षिण अफ्रीका टीम के सफर पर एक नजर डालते हैं।

अंक-तालिका

अंक तालिका में पहले स्थान पर रही दक्षिण अफ्रीका की टीम 

दक्षिण अफ्रीका ने इस चक्र में कुल 12 टेस्ट मैच खेले, जिसमें से सिर्फ 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा। तेम्बा बावुमा की टीम ने इस चक्र में 8 मैच जीते और 1 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। 69.44 प्रतिशत अंको के साथ दक्षिण अफ्रीका अंक तालिका में पहले स्थान पर रही। दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की टीम थी, जिन्होंने 67.54 प्रतिशत अंको के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था।

रन

दक्षिण अफ्रीका के इन बल्लेबाजों ने बनाए सबसे ज्यादा रन 

बावुमा ने तीसरे चक्र में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। उनके बल्ले से 8 टेस्ट की 13 पारियों में 59.25 की औसत से 711 रन निकले। उन्होंने 2 शतक और 5 अर्धशतक जड़े। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 113 रन रहा। डेविड बेडिंगम इस सूची में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 13 टेस्ट की 23 पारियों में 35.50 की औसत से 710 रन बनाए। उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 110 रन रहा।

विकेट

इन गेंदबाजों ने झटके सबसे ज्यादा विकेट 

दक्षिण अफ्रीका के लिए तीसरे चक्र में सबसे ज्यादा विकेट कगिसो रबाडा ने लिए। उन्होंने 11 टेस्ट की 22 पारियों में 18.73 की औसत से 56 विकेट झटके। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल और 4 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/46 का रहा। केशव महाराज ने 9 टेस्ट की 15 पारियों में 20.95 की औसत से 41 विकेट लिए। उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/59 का रहा।

सीरीज

दक्षिण अफ्रीका को सिर्फ 1 सीरीज में मिली हार 

दक्षिण अफ्रीका ने WTC 2023-25 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज को 1-1 से बराबरी पर समाप्त किया था। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैचों की सीरीज में उसे 2-0 से हार मिली थी। दक्षिण अफ्रीका टीम ने इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मैचों की सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के बाद उसने बांग्लादेश (2-0), श्रीलंका (2-0) और पाकिस्तान (2-0) को लगातार 6 टेस्ट में हराया।