LOADING...
WPL 2025: MI ने UPW को हराते हुए दर्ज की अपनी चौथी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स
MI ने UPW को हराया (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2025: MI ने UPW को हराते हुए दर्ज की अपनी चौथी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स

Mar 06, 2025
10:52 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के 16वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने यूपी वारियर्स (UPW) को 6 विकेट से हराते हुए सीजन में अपनी चौथी जीत दर्ज की। इकाना स्टेडियम में हुए मैच में UPW ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150/9 का स्कोर बनाया। जवाब में MI ने हेले मैथ्यूज की पारी (68) की मदद से 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती MI की टीम 

UPW को ग्रेस हैरिस (28) और जॉर्जिया वोल (55) की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। वहीं, दीप्ति शर्मा ने 27 रन का योगदान दिया। इसके बाद अमेलिया केर की घातक गेंदबाजी (5/38) के चलते टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए केर 10 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद मैथ्यूज (68) और नैट साइवर-ब्रंट (37) ने अच्छी पारियां खेलीं और MI को आसान जीत दिलाई।

जॉर्जिया वोल

जॉर्जिया वोल ने WPL में अपना पहला अर्धशतक लगाया 

UPW की युवा बल्लेबाज जॉर्जिया वोल ने अपने WPL करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने 33 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 55 रन बनाए। नैट साइवर ब्रंट ने उनकी इस अर्धशतकीय पारी का अंत किया। 21 वर्षीय वोल UPW की ओर से पारी की शुरुआत करने आई थी। उन्होंने पहले विकेट के लिए हैरिस के साथ मिलकर 74 रन की साझेदारी भी की।

Advertisement

इतिहास 

अमेलिया केर ने रचा इतिहास 

केर अब MI की ओर से WPL में 5 विकेट हॉल लेने वाली पहली गेंदबाज बनी है। इसके साथ-साथ वह WPL के इतिहास में छठी ऐसी गेंदबाज बनी हैं, जिन्होंने 5 विकेट चटकाए हैं। वह अब एलिस पेरी (6/15, बनाम MI, 2024) मारिजन कप (5/15 बनाम GG, 2023), आशा शोभना (5/22 बनाम UPW, 2024), तारा नॉरिस (5/29, बनाम RCB, 2023) और किम गार्थ (5/36 बनाम UPW, 2023) की सूची में शामिल हुई हैं।

Advertisement

मैथ्यूज

हैली मैथ्यूज ने लगाया अर्धशतक

लक्ष्य का पीछा करते हुए मैथ्यूज ने अपने WPL करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। MI की इस सैमी बल्लेबाज ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। इस कैरेबियाई बल्लेबाज ने 46 गेंदों में 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। वह तीसरे विकेट के रूप में आउट हुई। यह मौजूदा सीजन में उनकी दूसरी अर्धशतकीय पारी रही।

MI 

अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची MI 

यह WPL 2025 में MI की 6 मैचों के बाद चौथी जीत है। इस जीत के साथ ही MI अब अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम 10 अंको के साथ शीर्ष पर है और पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। वहीं, UPW की यह 7 मैच के बाद 5वीं हार है और टीम आखिरी 5वें स्थान पर है।

Advertisement