WPL 2025: RCB ने अपने आखिरी मैच में MI को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के 20वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 11 रन से हराते हुए अपनी तीसरी जीत दर्ज की।
मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में हुए मैच में RCB ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 199/3 का स्कोर बनाया।
जवाब में MI की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 188/9 का स्कोर ही बना सकी।
आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रहा रोचक मुकाबला
RCB से कप्तान स्मृति मंधाना ने अर्धशतक (53) लगाया। उनके अलावा एलिस पेरी (49*), रिचा घोष (36) और जॉर्जिया वेयरहैम (31*) की बदौलत बड़ा स्कोर खड़ा किया।
जवाब में MI ने 38 रन के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए।
मुश्किल घड़ी में नैट साइवर-ब्रंट ने संघर्षपूर्ण पारी (69) खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकी। RCB से स्नेह राणा ने उम्दा गेंदबाजी (3/26) की।
मंधाना
मंधाना ने खेली अर्धशतकीय पारी
RCB से पारी की शुरुआत करते हुए मंधाना ने 37 गेंदों पर 53 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस अर्धशतकीय पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। यह इस सीजन में उनके बल्ले से निकलने वाली दूसरी अर्धशतकीय पारी रही।
WPL 2025 में मंधाना ने 8 पारियों में 24.62 की औसत और 136.80 की स्ट्राइक रेट के साथ 197 रन बनाए। उन्होंने कुल 26 चौके और 7 छक्के भी लगाए।
पेरी
WPL में सर्वाधिक रन वाली बल्लेबाज बनीं पेरी
पेरी ने 38 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए।
पेरी अब WPL इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गई है।
उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 25 पारियों में 64.80 की औसत और 132.96 की स्ट्राइक रेट से 972 रन बनाए हैं।
पेरी ने दिल्ली कैपिटल्स की मेग लैनिंग को पीछे छोड़ा। बता दें कि लैनिंग ने 26 पारियों में 40.82 की औसत और 126.89 की स्ट्राइक रेट से 939 रन बनाए थे।
उपलब्धि
पेरी ने पूरे किए अपने 9,000 टी-20 रन
पेरी महिलाओं की टी-20 क्रिकेट में 9,000 रन बनाने वाली छठी बल्लेबाज बन गईं।
उनसे पहले यह उपलब्धि सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड), सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड), बेथ मूनी (ऑस्ट्रेलिया), लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) और डैनी व्याट (इंग्लैंड) हासिल कर चुकी हैं।
अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ओर से 108 पारियों में 30.12 की औसत और 115.87 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,109 रन बनाए हैं, जिसमें 9 अर्धशतक भी शामिल हैं।
जानकारी
साइवर-ब्रंट ने जड़ा तेज अर्धशतक
बड़े स्कोर का पीछा करते हुए साइवर-ब्रंट ने 29 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 35 गेंदों पर 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 69 रन बनाकर आउट हुई।
तालिका
इस हार के चलते सीधे फाइनल का टिकट हासिल करने से चूकी MI
MI की यह इस सीजन की तीसरी हार है। अब MI 5 जीत (10 अंक) के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर रही।
शीर्ष पर मौजूद DC के भी 10 ही अंक हैं और बेहतर नेट रन रेट के चलते वह सीधे फाइनल में प्रवेश कर चुकी है।
तीसरे पायदान पर गुजरात जायंट्स (8 अंक) है। अब 13 मार्च को MI और GG के बीच एलिमिनेटर खेला जाएगा।
बता दें कि RCB और UPW पहले ही बाहर हो चुकी हैं।