Page Loader
WPL 2025: एलिस पेरी और ऋचा घोष ने लगाए अर्धशतक, RCB ने GG को दी मात
ऋचा घोष ने खेली नाबाद 64 रन की पारी (तस्वीर: एक्स/@RCBTweets)

WPL 2025: एलिस पेरी और ऋचा घोष ने लगाए अर्धशतक, RCB ने GG को दी मात

Feb 14, 2025
11:29 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात जायंट्स (GG) को 6 विकेट से हराया। जीत के लिए मिले 202 रन के विशाल लक्ष्य को RCB ने ऋचा घोष (64*) और एलिस पेरी (57) की पारियों की मदद से 18.3 ओवर में हासिल किया। यह WPL के इतिहास में हासिल किया गया सर्वोच्च लक्ष्य है। इस बीच पेरी और घोष की पारियों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

शानदार रही पेरी की पारी 

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पेरी ने अपने WPL करियर का छठा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 34 गेंदों पर 57 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। अपनी इस ताबड़तोड़ पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और 2 चौके भी लगाए। अच्छी बल्लेबाजी कर रही पेरी सयाली की फुलटॉस गेंद पर आसान सा कैच देकर आउट हो गई। बता दें कि इस पारी के दौरान उन्हें कुछ जीवनदान भी मिले थे।

घोष

घोष ने 23 गेंदों में जड़ा अर्धशतक 

RCB ने 104 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवाया, तब घोष क्रीज पर आई थी। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने अविश्वसनीय बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों की खूब पिटाई की। उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 27 गेंदों में 7 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 64 रन बनाए। घोष ने कनिका अहूजा (30*) के बीच 93 रन की अटूट साझेदारी करते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती RCB की टीम 

GG को लौरा वोल्वार्ड्ट (6) और दयालन हेमलता (4) के रूप में शुरुआती झटके लगे। इसके बाद बेथ मूनी (56) और एश्ले गार्डनर (79) ने अर्धशतक लगाए। आखिर ओवरों में डिआंड्रा डोटिन ने 13 गेंदों में 25 रन का योगदान दिया और GG ने 200 से अधिक का स्कोर बनाया। जवाब में RCB ने 14 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाए। इसके बाद एलिसे पेरी ने अर्धशतक लगाकर संघर्ष किया। अंत में घोष ने जीत दिलाई।

रिकॉर्ड 

WPL में पहली बार हासिल हुआ 200+ का लक्ष्य 

यह पहला ऐसा मौका है, जब WPL के इतिहास में किसी टीम ने 200 से अधिक रन को सफलतापूर्वक हासिल किया है। इससे पहले हासिल किया गया सर्वोच्च लक्ष्य 191 रन था, जो मुंबई इंडियंस (MI) ने GG के खिलाफ 2024 में किया था। GG और RCB के इस मैच में दोनों पारियों को मिलाकर कुल 403 रन बने। यह WPL के इतिहास में सबसे ज्यादा रन वाला मुकाबला दर्ज हो गया है।