Page Loader
WPL 2024: श्रेयंका पाटिल ने की बेहतरीन गेंदबाजी, फाइनल में चटकाए 4 विकेट
श्रेयंका पाटिल ने लिए 4 विकेट (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2024: श्रेयंका पाटिल ने की बेहतरीन गेंदबाजी, फाइनल में चटकाए 4 विकेट

Mar 17, 2024
09:49 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के फाइनल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की युवा स्पिनर श्रेयंका पाटिल ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए। उन्होंने दूसरी बार WPL के किसी मैच में 4 विकेट लिए हैं। उनकी उम्दा गेंदबाजी के चलते ही DC की टीम 113 रन पर सिमट गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए DC ने अपनी पारी में 18.3 ओवर बल्लेबाजी की। आइए पाटिल की गेंदबाजी पर एक नजर डालते हैं।

गेंदबाजी

ऐसी रही पाटिल की गेंदबाजी 

पाटिल ने DC की कप्तान मेग लैनिंग (23) के रूप में अपना पहला विकेट हासिल किया। उन्होंने अपनी संतुलित स्पिन गेंदबाजी के चलते विपक्षी बल्लेबाजों से कठिन सवाल पूछे। उन्होंने निचले क्रम में मिन्नू मणि (5), अरुंधति रेड्डी (10) और तानिया भाटिया (1) को अपना शिकार बनाया। 21 वर्षीय इस युवा खिलाड़ी ने 3.3 ओवर में 12 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 3.40 की रही।

प्रदर्शन

WPL 2024 में पाटिल ने RCB से लिए सर्वाधिक विकेट 

फाइनल मुकाबले के दौरान पाटिल ने अपने WPL करियर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। उन्होंने इस सीजन में 8 मैच खेले, जिसमें 12.07 की औसत और 7.30 की इकॉनमी रेट के साथ 13 विकेट चटकाए। वह RCB की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रही और फिलहाल लीग में भी सबसे ऊपर है। इस सीजन में RCB की सोफी मोलिन्यु और आशा शोभना ने 12-12 विकेट लिए हुए हैं।

मोलिन्यु

मोलिन्यु ने चटकाए 3 विकेट 

अपने दूसरे ओवर के दौरान बाएं हाथ की स्पिनर मोलिन्यु ने अच्छी बल्लेबाजी कर रही शफाली (44) के रूप में अपना पहला विकेट लिया। अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रही शफाली बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुई। उसी ओवर में उन्होंने जेमिमा रोड्रिगेज (0) और एलिस कैप्सी (0) के विकेट चटका दिए। बाएं हाथ की स्पिनर ने अपने 4 ओवर में 20 रन देते हुए 3 विकेट चटकाए। ये उनका WPL में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

लेखा-जोखा

DC की टीम सस्ते में सिमटी 

DC ने पॉवरप्ले में शफाली और लैनिंग की बदौलत बिना विकेट गंवाए 61 रन बना लिए था। अच्छी शुरुआत के बाद मोलिन्यु ने लगातार बड़े विकेट चटकाकर गति पर रोक लगा दी। RCB के स्पिनरों ने मिडिल ओवरों में निरंतर विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर से रोका। DC से शफाली ने सर्वाधिक 44 रन की पारी खेली। RCB के स्पिन गेंदबाजों ने 9 विकेट लिए, जबकि एक रन आउट हुई।