Page Loader
WPL 2024: RCB ने खिताब जीतकर रचा इतिहास, फाइनल में DC को दी मात
रोचक रहा फाइनल मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2024: RCB ने खिताब जीतकर रचा इतिहास, फाइनल में DC को दी मात

Mar 17, 2024
10:38 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने अपने नाम किया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में RCB ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 8 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए मिले 114 रनों के लक्ष्य को RCB ने सोफी डिवाइन (32) और एलिस पेरी (35*) की पारी की बदौलत 19.3 ओवर में हासिल किया। वहीं DC लगातार दूसरे सीजन में उपविजेता रही। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला 

पहले बल्लेबाजी करते हुए DC से शफाली वर्मा (44) और मेग लैनिंग (23) ने 64 रन की साझेदारी की। शफाली के विकेट के पतन के बाद DC के विकेटों का पतझड़ सा लग गया। खराब बल्लेबाजी के चलते DC की टीम 113 रन बनाकर सिमट गई। RCB से श्रेयंका पाटिल ने 4 विकेट लिए। जवाब में RCB से डिवाइन (32) और स्मृति मंधाना (31) ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद पेरी ने उपयोगी पारी खेलकर जीत दिलाई।

पाटिल

पाटिल ने चटकाए सर्वाधिक 4 विकेट 

पाटिल ने DC की कप्तान लैनिंग (23) के रूप में अपना पहला विकेट हासिल किया। उन्होंने अपनी संतुलित स्पिन गेंदबाजी के चलते विपक्षी बल्लेबाजों से कठिन सवाल पूछे। उन्होंने निचले क्रम में मिन्नू मणि (5), अरुंधति रेड्डी (10) और तानिया भाटिया (1) को अपना शिकार बनाया। 21 वर्षीय इस युवा खिलाड़ी ने 3.3 ओवर में 12 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 3.40 की रही।

जानकारी

श्रेयंका पाटिल को मिली पर्पल कैप 

WPL 2024 में 21 वर्षीय पाटिल ने 8 पारियों में 12.07 की औसत के साथ 13 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें पर्पल कैप मिली। उनकी साथी गेंदबाज आशा शोभना और सोफी मोलिन्यु ने 12-12 विकेट लिए।

गेंदबाजी

मोलिन्यु और आशा ने भी की उम्दा गेंदबाजी

बाएं हाथ की स्पिनर मोलिन्यु ने शफाली, जेमिमा रोड्रिगेज (0) और एलिस कैप्सी (0) को अपने एक ओवर में ही आउट कर दिया। उनके इस ओवर के बाद से ही DC की बल्लेबाजी लड़खड़ा दे। उन्होंने अपने 4 ओवर में 20 रन देते हुए 3 विकेट लिए। लेग ब्रेक गेंदबाज आशा शोभना ने अपने 3 ओवर में 14 रन देते हुए 2 विकेट चटकाए। RCB के स्पिन गेंदबाजों ने कुल 9 विकेट चटकाए और एक रन आउट हुआ।

पेरी

पेरी ने खेली बेहतरीन पारी 

लक्ष्य का पीछा करते हुए जब RCB ने 49 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया था, तब पेरी क्रीज पर आई। उन्होंने मैच की परिस्थिति के हिसाब से टिककर बल्लेबाजी की। उन्होंने 37 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए। इस बीच वह इस सीजन में सर्वाधिक रन (347) बनाने वाली बल्लेबाज बन गई, जिसके चलते उन ऑरेंज कैप मिली। उन्होंने गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 6.81 की इकॉनमी रेट के साथ 7 विकेट अपने नाम किए।

RCB

RCB ने पहली बार जीता खिताब 

फ्रेंचाइजी लीग में RCB ने पहली बार किसी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। इससे पहले WPL 2023 में मंधाना की कप्तानी में ही RCB अपने 8 में से केवल 2 मैच ही जीत पाई थी और 6 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। गौरतलब हो कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में RCB अब तक कभी विजेता नहीं बन सकी है। सभी 16 सीजन में हिस्सा ले चुकी RCB अब तक 2009, 2011 और 2016 में उपविजेता रही है।

जानकारी

लगातार दूसरे सीजन में उपविजेता रही DC 

लैनिंग की कप्तानी में DC की टीम लगातार दूसरे सीजन में उपविजेता रही। बता दें कि WPL 2023 के फाइनल में मुंबई इंडियंस (MI) ने DC को 7 विकेट से शिकस्त दी थी।