Page Loader
WPL 2023: मुंबई इंडियंस ने हरमनप्रीत कौर को बनाया कप्तान, जानिए उनके आंकड़े  
हरमनप्रीत कौर मुंबई इंडियंस की कप्तान होंगी (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

WPL 2023: मुंबई इंडियंस ने हरमनप्रीत कौर को बनाया कप्तान, जानिए उनके आंकड़े  

Mar 01, 2023
05:20 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर को विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के लिए मुंबई इंडियंस (MI) टीम का कप्तान बनाया गया है। हरमनप्रीत भारतीय टीम की कप्तानी भी करती हैं। हाल ही में खत्म हुए महिला टी-20 विश्व कप में उन्होंने टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाया था। WPL की नीलामी में मुंबई ने 1.80 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत में हरमनप्रीत को अपने साथ जोड़ा था। वह 2009 से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रही हैं।

टी-20 करियर

हरमनप्रीत का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

दाएं हाथ की बल्लेबाज हरमनप्रीत ने भारत के लिए अभी तक 151 टी-20 क्रिकेट मैच खेले हैं। उन्होंने 28.05 की औसत से 3,058 रन बनाए हैं। 103 की उच्चतम स्कोर के साथ इस फॉर्मेट में उनके नाम 10 अर्धशतक और 1 शतक दर्ज हैं। उन्होंने भारत के लिए अभी तक 124 वनडे मैच भी खेले हैं, जिसमें उन्होंने 38.18 की औसत और 73.13 की स्ट्राइक रेट से 3,322 रन बनाए हैं।

टीम

कैसी है MI की पूरी टीम 

MI की टीम में 12 ऐसे खिलाड़ी हैं जो बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी भी कर सकते हैं। ये टीम देखने में काफी खतरनाक लग रही है। इस टीम को ट्रॉफी जीतने की दावेदार भी माना जा रहा है। बल्लेबाज: धारा गुजर। विकेटकीपर: यस्तिका भाटिया और प्रियंका बाला। ऑलराउंडर: हरमनप्रीत कौर, नताली साइवर, पूजा वस्त्राकर, अमेलिया केर, हीथर ग्राहम, अमनजोत कौर, हेले मैथ्यूज, क्लो ट्रायॉन, हुमायरा काजी, जिंतिमनी कलिता, नीलम बिष्ट और इसाबेल वोंग। गेंदबाज: सायका इशाक और सोनम यादव।

रिकॉर्ड

टी-20 क्रिकेट में हरमनप्रीत के नाम है ये बड़े रिकॉर्ड 

हरमनप्रीत ने हाल ही में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 3,000 रन पूरे किए थे। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी थी। हरमनप्रीत ने 150वें मुकाबले में ये उपलब्धि हासिल की थी। कुल मिलाकर वह इस आंकड़े तक पहुंचने वाली दुनिया की केवल चौथी बल्लेबाज बनी थी। वह पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट को मिलाकर 150 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाली पहली क्रिकेटर भी बनी थीं। हरमनप्रीत बड़े-बड़े शॉट लगाने के लिए जानी जाती हैं।

बिग बैश लीग

बिग बैश लीग खेलने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी थी हरमनप्रीत 

हरमनप्रीत महिला और पुरुष क्रिकेट में पहली ऐसी भारतीय खिलाड़ी थीं जिन्होंने बिग बैश लीग में किसी टीम के साथ अनुबंध किया था। उन्हें साल 2016 में सिडनी थंडर की टीम का हिस्सा बनाया था। नवंबर 2016 में मिताली राज की जगह हरमनप्रीत को टी-20 क्रिकेट की कप्तानी दे दी गई थी। उन्होंने भारत के लिए 3 टेस्ट मैच भी खेले हैं। WPL के मुकाबले 4 से 26 मार्च तक खेले जाएंगे।