Page Loader
विश्व कप क्वालीफायर्स 2023: पथुम निसंका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ लगाया शानदार शतक, जानिए आंकड़े 
पथुम निसंका ने बनाए नाबाद 101 रन (तस्वीर: ट्विटर/@ICC )

विश्व कप क्वालीफायर्स 2023: पथुम निसंका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ लगाया शानदार शतक, जानिए आंकड़े 

Jul 02, 2023
07:21 pm

क्या है खबर?

विश्व कप क्वालीफायर्स 2023 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के पथुम निसंका ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतक (101) लगाया और अपनी टीम को 9 विकेट से बड़ी जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने विश्व कप 2023 के मुख्य दौर में अपना स्थान सुनिश्चित किया। यह निसंका के वनडे करियर का दूसरा और जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला शतक रहा। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पारी 

निसंका ने लगाया अपना दूसरा शतक 

जीत के लिए मिले 166 रन का पीछा करते हुए निसंका ने अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने पहले विकेट के लिए दिमुथ करुणारत्ने (30) के साथ मिलकर 103 रन की अहम साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने दूसरे विकेट के लिए कुसल मेंडिस (25*) के साथ मिलकर 66 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। उन्होंने 102 गेंदों में 14 चौकों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए।

क्वालीफायर्स 

विश्व कप क्वालीफायर्स में खूब चला निसंका का बल्ला 

विश्व कप क्वालीफायर्स में निसंका का बल्ला खूब चला है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 6 मैचों में 72.50 की उम्दा औसत और 88.15 की स्ट्राइक रेट के साथ 290 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए। वह फिलहाल इस टूर्नामेंट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस समय उनसे आगे सीन विलियम्स (588), निकोलस पूरन (317) और सिकंदर रजा (291) हैं।

वनडे करियर 

निसंका के वनडे करियर पर एक नजर 

दाएं हाथ के बल्लेबाज निसंका ने अब तक 32 वनडे में 39.21 की औसत और 83.91 की स्ट्राइक रेट से 1,137 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक के अलावा 9 अर्धशतक लगाए हैं। आज की पारी के दौरान उन्होंने रनों के मामले में अपने ही देश के फरवीज महरुफ (1,113) को पीछे छोड़ दिया। वह फिलहाल श्रीलंका की ओर से 34वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

श्रीलंका 

श्रीलंका ने जिम्बाब्वे को हराकर हासिल किया विश्व कप का टिकट 

विश्व कप क्वालीफायर्स 2023 के सुपर-6 दौर के चौथे मुकाबले में रविवार को श्रीलंका ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हरा दिया। यह श्रीलंका की लगातार छठी जीत रही और इसके साथ ही उन्होंने विश्व कप 2023 के लिए क्वालीफाई भी कर लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 32.2 ओवरों में सभी 10 विकेट खोकर केवल 165 रन बनाए। छोटे से लक्ष्य को श्रीलंका ने 33.1 ओवर में हासिल किया।