
विराट कोहली 50वें वनडे शतक तक कैसे पहुंचे? जानिए उनका अब तक का सफर
क्या है खबर?
वनडे विश्व कप 2023 के पहले सेमीफाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने कमाल की बल्लेबाजी की और एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।
वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक (50) जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (49) का रिकॉर्ड तोड़ा है।
कोहली विश्व क्रिकेट में 50 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं।
ऐसे में आइए उनके शतक के सफर पर एक नजर डालते हैं।
दिन
कोहली को 50 शतक तक पहुंचने में कितना समय लगा?
कोहली को 1 से 10 शतक तक जाने में 810 दिन लगे थे। उसके बाद 11 से 20 शतक तक जाने में उन्होंने 943 दिन लिए।
इसी तरह 21 से 30 शतक तक पहुंचने में 1,022 दिन, 31 से 40 शतक का आंकड़ा छूने में 499 दिन और 41 से 50 शतक तक पहुंचने में उन्होंने सबसे अधिक 1,713 दिन लगाए।
यहां रोचक बात यह है कि कोहली ने आखिरी 7 शतक बनाने में महज 341 दिन लिए हैं।
#1
पहला शतक बनाम श्रीलंका, 2009
कोहली का पहला शतक साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ आया था। उन्होंने 114 गेंद में 107 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 11 चौके और 1 छक्का निकला था। उनकी स्ट्राइक रेट 93.85 की थी।
उस मुकाबले में गौतम गंभीर ने भी 150 रन की पारी खेली थी। भारतीय टीम को उस मैच में 7 विकेट से जीत मिली थी।
गंभीर को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला था, जिसे उन्होंने कोहली को दे दिया था।
#2
10वां शतक बनाम श्रीलंका, 2012
कोहली का 10वां शतक साल 2012 के एशिया कप में आया था। वह शतक भी कोहली ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ ही लगया था और उस मुकाबले में भी गंभीर ने 100 रन की पारी खेली थी।
कोहली ने 120 गेंद का सामना किया था और 108 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके लगाए थे।
भारतीय टीम को उस मैच में 50 रन से शानदार जीत मिली थी। कोहली 'प्लेयर ऑफ द मैच' थे।
#3
20वां शतक बनाम वेस्टइंडीज, 2014
कोहली का 20वां शतक साल 2014 में आया था। उन्होंने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ धर्मशाला में 127 रन की पारी खेली थी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 330 रन बना दिए थे। कोहली ने 114 गेंद का सामना किया था और 127 रन की पारी खेली थी।
उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और 3 छक्के लगाए थे। वह उस मुकाबले में भी 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए थे। टीम को 59 रन से जीत मिली थी।
#4
30वां शतक बनाम श्रीलंका, 2017
कोहली का 30वां शतक 3 सितंबर 2017 को श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ आया था। उस मुकाबले में श्रीलंकी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 238 रन बनाए थे।
भारतीय टीम ने सिर्फ 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
उस मुकाबले में कोहली कप्तान थे और 116 गेंद में 110 रन की पारी खेली थी। उन्होंने उस पारी में 9 चौके लगाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 94.82 की थी।
#5
40वां शतक बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2019
कोहली का 40वां शतक साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ आया था। उन्होंने उस मैच में 120 गेंद में 116 रन की पारी खेली थी।
टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रन बनाए थे। कोहली ने 120 गेंद में 116 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 10 चौके निकले थे।
वह मैच बेहद रोमांचक हुआ था और भारतीय टीम को 8 रन से जीत मिली थी। कोहली 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे थे।
#6
50वां शतक बनाम न्यूजीलैंड, वनडे विश्व कप 2023
वनडे विश्व कप 2023 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के अनुभवी बल्लेबाज कोहली ने 117 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
उन्होंने पारी में 103.54 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 113 गेंदों में 117 रन बनाए। उस दौरान उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के जमाए।
कोहली ने जब अपना 50वां शतक लगाया तो स्टेडियम में तेंदुलकर भी थे। कोहली उनके सामने झुके और उनको शुक्रिया कहा।
भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 397/4 का स्कोर बनाया है।