महिला टी-20 विश्व कप 2026: भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 30वें मैच के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम आमने-सामने हैं। लॉर्ड्स के मैदान पर भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना जरूरी है। ऑस्ट्रेलिया इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। ऐसे में भारतीय टीम जोरदार खेल दिखाने का प्रयास करेगी।
टीमें
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की प्लेइंग इलेवन: बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फोबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), किम गार्थ, और लुसी हैमिल्टन। भारतीय महिला टीम की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, और क्रांति गौड़।
हेड-टू-हेड
ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा रहा है भारी
भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खराब रिकॉर्ड रहा है। अब तक दोनों टीमें कुल 38 टी-20 में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें से 28 मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं और 9 मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज (बेनतीजा-1) की है। टी-20 विश्व कप में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 2 बार हराया है और 5 बार शिकस्त झेली है। ऐसे में भारतीय टीम इस रिकॉर्ड को बदलने का प्रयास करेगी।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
इस संस्करण में मंधाना ने 4 पारियों में 41.75 की औसत और 153.21 की स्ट्राइक रेट के साथ 167 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी ऑलराउंडर पेरी ने 4 पारियों में 42.33 की औसत के साथ 127 रन बनाए हैं। भारतीय स्पिनर श्री चरणी ने 4 पारियों में 7.08 की औसत के साथ 12 विकेट लिए हैं। वह फिलहाल मौजूदा संस्करण में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाली गेंदबाज है।