महिला टी-20 विश्व कप 2026: इस संस्करण में इन गेंदबाजों ने लिए सर्वाधिक विकेट
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने अपना वर्चस्व बरकरार रखते हुए टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता। लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए फाइनल में कंगारू टीम ने इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराया। ऑस्ट्रेलिया ने जीत के लिए मिले 151 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल किया। यह ऑस्ट्रेलिया का कुल 7वां खिताब साबित हुआ। इस संस्करण में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
श्री चरणी (14 विकेट)
भारतीय स्पिनर श्री चरणी इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रही। उन्होंने 5 मैचों में 8.35 की औसत के साथ 14 विकेट लिए। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 6 से कम (5.85) रही। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा। उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद भारतीय टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी। श्री चरणी किसी एक संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज बनी।
#2
सोफी मॉलिन्यू (11 विकेट)
ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मॉलिन्यू भी इस सूची में शामिल हैं। उन्होंने इस संस्करण में 7 मैचों में 14.72 की औसत और 6.75 की इकॉनमी रेट के साथ कुल 11 विकेट लिए। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6 रन देते हुए 2 विकेट लेना रहा। उन्होंने फाइनल में 32 रन देते हुए 1 सफलता हासिल की। इससे पहले सेमीफाइनल में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 विकेट चटकाए थे।
#3
फातिमा सना (11 विकेट)
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने 5 पारियों में 11.27 की औसत के साथ 11 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने लगभग 7 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की। दाएं हाथ की इस तेज गेंदबाज ने भारत के खिलाफ मैच में 2 विकेट लिए थे। पाकिस्तान ने इस संस्करण में निराशाजनक प्रदर्शन किया और टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी थी। पाकिस्तान ने सिर्फ 1 मैच जीता और 4 मैचों में शिकस्त झेली थी।
#4
इन गेंदबाजों ने लिए 10-10 विकेट
वेस्टइंडीज की हैली मैथ्यूज ने 6 मैचों में 14.50 की औसत और 6.30 की इकॉनमी रेट के साथ कुल 10 विकेट लिए। वहीं, इंग्लैंड की चार्ली डीन और सोफी एक्लेस्टोन ने संस्करण में 10-10 विकेट लिए। डीन ने 7 पारियों में 18.80 की औसत और 7.23 की इकॉनमी रेट के साथ ये सफलताएं हासिल की। बाएं हाथ की स्पिनर एक्लेस्टोन ने 6 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट चटकाए।