महिला टी-20 विश्व कप 2026: स्कॉटलैंड ने आयरलैंड को हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की
क्या है खबर?
महिला टी-20 विश्व कप 2026 के दूसरे मैच में स्कॉटलैंड महिला क्रिकेट टीम ने आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम को 40 रन से हराया। ग्रुप-B के मैच में स्कॉटिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 161/5 का स्कोर बनाया। जवाब में आयरिश टीम 19.1 ओवर में 120 रन बनाकर सिमट गई। आयरलैंड के ज्यादातर बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
स्कॉटलैंड ने 36 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाए। इसके बाद कैथरीन ब्राइस ने अर्धशतक (60) लगाया और विकेटकीपर सारा ब्राइस ने 49 रन की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। आयरलैंड से एवा कैनिंग ने 3 विकेट लिए। जवाब में आयरिश टीम को अलाना डैलजल (6) और गैबी लुईस (11) के रूप में जल्दी झटके लगे। इसके बाद एमी हंटर (39) और ओर्ला प्रेंडरगास्ट (33) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
अर्धशतक
कैथरीन ब्राइस ने लगाया अर्धशतक
स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक लगाया। वह 39 गेंदों का सामना करते हुए 153.85 की स्ट्राइक रेट के साथ 60 रन बनाकर आउट हुई। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने सारा के साथ मिलकर 106 रन की साझेदारी की। विकेटकीपर बल्लेबाज सारा अपने अर्धशतक से चूक गई और 49 रन बनाकर आउट हुई।
गेंदबाजी
कैथरीन फ्रेजर और किर्स्टी गॉर्डन ने चटकाए 3-3 विकेट
किर्स्टी गॉर्डन ने अपने एक ही ओवर में 3 विकेट लेने का कारनामा किया। बाएं हाथ की स्पिनर ने अपने तीसरे ओवर में रेबेका स्टोकेल (2) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। उसी ओवर में गॉर्डन ने लिया पॉल और ऐलिस टेक्टर को पवेलियन की राह दिखाई। अपने 4 ओवर में उन्होंने 16 रन देते हुए 3 विकेट लिए। कैथरीन फ्रेजर ने अपने 4 ओवर में 18 रन देते हुए 3 ही विकेट चटकाए।
ट्विटर पोस्ट
स्कॉटलैंड ने टी-20 विश्व कप में अपना पहला मैच जीता
A historic first-ever win for Scotland at the Women's #T20WorldCup 👌
— ICC (@ICC) June 13, 2026
📝: https://t.co/dMxVLRzDOo pic.twitter.com/PBCuWut2WN