महिला टी-20 विश्व कप: पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने जीता टॉस, कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ
क्या है खबर?
महिला टी-20 विश्व कप 2026 के छठे मैच के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम और पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम आमने-सामने हैं। एजबेस्टन के बर्मिंघम में भारत ने टॉस जीतकर पहले पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम इस मैच में जीत के साथ आगाज करना चाहेगी, जबकि पाकिस्तान उन्हें कड़ी टक्कर देने को देखेगी। आइए दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन पर एक नजर डालते हैं।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
ऐसी है भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिगेज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल। ऐसी है पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: गुल फिरोजा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), आयशा जफर, साइरा जबीन, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नशरा संधू, तस्मिया रुबाब और सादिया इकबाल। भारतीय टीम में तेज गेंदबाज रेणुका सिंह को मौका नहीं मिला है।
जानकारी
एक बार फिर दोनों कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ
एक बार फिर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाया। 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज करते नजर आए हैं।
हेड-टू-हेड
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 16 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 13 में जीत दर्ज की है। वहीं, पाकिस्तान को सिर्फ 3 मैचों में सफलता मिली है। महिला टी-20 विश्व कप की बात करें तो दोनों टीमें 8 बार आमने-सामने आई हैं। इनमें से भारत ने 6 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि पाकिस्तान केवल 2 मैच जीत सका है। आंकड़े साफ बताते हैं कि इस प्रतिद्वंद्विता में भारतीय टीम बहुत आगे है।
जानकारी
ऐसा रहेगा एजबेस्टन का मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 14 जून को एजबेस्टन का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 12 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की 30 प्रतिशत संभावना है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे।
पिच
ऐसी है एजबेस्टन की पिच
एजबेस्टन क्रिकेट मैदान की पिच इंग्लैंड की सबसे सपाट विकेटों में मानी जाती है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग और सीम मिलती है, लेकिन बाद में यह बल्लेबाजों के लिए आसान हो जाती है और रन बनाना सरल होता है। इस मैदान की बाउंड्री थोड़ी बड़ी है, इसलिए छक्के लगाना आसान नहीं है। रात के मैचों में यहां दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान होती है। इसलिए टॉस जीतने वाली टीमें पहले गेंदबाजी चुनती है।