महिला टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम पाकिस्तान मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी-20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मैच में 14 जून को पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम से भिड़ेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम जीत के साथ आगाज करना चाहेगी। वहीं, पाकिस्तान की टीम फातिमा सना शेख की कप्तानी में भारतीय टीम को जोरदार टक्कर देने के इरादे से उतरेगी। पाकिस्तान का भी इस टूर्नामेंट में ये पहला मुकाबला होगा। ऐसे में आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 16 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 13 में जीत दर्ज की है। वहीं, पाकिस्तान को सिर्फ 3 मैचों में सफलता मिली है। महिला टी-20 विश्व कप की बात करें तो दोनों टीमें 8 बार आमने-सामने आई हैं। इनमें से भारत ने 6 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि पाकिस्तान केवल 2 मैच जीत सका है। आंकड़े साफ बताते हैं कि इस प्रतिद्वंद्विता में भारतीय टीम बहुत आगे है।
भारत का संयोजन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
भारत को शफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी। मंधाना टी-20 विश्व कप में अपने रिकॉर्ड को बेहतर करना चाहेंगी। गेंदबाजी में रेणुका सिंह को आजमाया जा सकता है। दीप्ति शर्मा से एक बार फिर गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। संभावित एकादश: स्मृति मंधाना, शफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिगेज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल और रेणुका सिंह।
पाकिस्तान का संयोजन
इस प्लेइंग इलेवन के साथ नजर आ सकती है पाकिस्तान
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा से टीम को काफी उम्मीदें होंगी। हाल ही में यह खिलाड़ी टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज बनी थी। भारतीय गेंदबाज इस खिलाड़ी को जल्द से जल्द पवेलियन भेजना चाहेंगे। गेंदबाजी में नशरा संधू से उम्मीदें होंगी। संभावित एकादश: मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, आयशा जफर, साइरा जबीन, फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, रमीन शमीम, नशरा संधू, सादिया इकबाल, टूबा हसन और तास्मिया रुबाब।
जानकारी
ऐसा रहेगा मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 14 जून को एजबेस्टन का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 12 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की 30 प्रतिशत संभावना है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे।
आंकड़े
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
भारत के लिए हरमनप्रीत ने पिछले 9 मैचों में 48.5 की उम्दा औसत से 291 रन बनाए हैं। जेमिमा ने 10 मैचों में 135.55 की स्ट्राइक रेट से 244 रन अपने नाम किए हैं। इसी तरह गेंदबाजी में श्रेयंका ने 5 मैचों में 9 विकेट चटकाए हैं। पाकिस्तान के लिए फातिमा ने पिछले 10 मैचों में 74.5 की औसत से 298 रन बनाए हैं। इसी तरह गेंदबाजी में नशारा ने 8 मैचों में 8 विकेट झटके हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और पाकिस्तान के बीच ये मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।