महिला टी-20 विश्व कप 2026: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के साथ भारत का सफर हुआ समाप्त
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को टी-20 विश्व कप 2026 के 30वें मैच में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 6 विकेट से हार मिली। इस हार के साथ ही हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हुई। लॉर्ड्स में खेले गए मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 170/4 का स्कोर बनाया, जिसमें हरमनप्रीत का अर्धशतक (56) शामिल रहा। जवाब में कंगारू टीम ने लक्ष्य हासिल किया।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
भारत से स्मृति मंधाना (38) और शफाली वर्मा (34) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद जेमिमा रोड्रिगेज (34) और हरमनप्रीत कौर (56) ने उपयोगी योगदान देते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में जॉर्जिया वोल (4) के जल्दी आउट होने के बाद फीबी लिचफील्ड (24), एलिसे पेरी (56) और एश्ले गार्डनर (53*) ने संघर्ष करते हुए उम्दा पारियां खेली और टीम को जीत दिलाई। भारतीय टीम की यह मौजूदा टूर्नामेंट में दूसरी हार है।
हरमनप्रीत
हरमनप्रीत ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
यह टी-20 विश्व कप में कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत की 5वीं, 50+ रन की पारी है। इसके साथ ही वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में बतौर कप्तान सर्वाधिक 50+ रन बनाने वाली बल्लेबाज (संयुक्त रूप से) बनी। उनके अलावा मेग लैनिंग, चमारी अट्टापट्टू और चार्लोट एडवर्ड्स भी 5-5 बार कप्तान के तौर पर ऐसा कर चुकी थी। हरमनप्रीत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरी सबसे तेज अर्धशतक (गेंदों के लिहाज से) जड़ने वाली बल्लेबाज बनी।
जानकारी
हरमनप्रीत ने भारतीय टीम से लगाया टी-20 विश्व कप में सबसे तेज अर्धशतक
हरमनप्रीत की यह पारी टी-20 विश्व कप में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड में सुधार किया है। इससे पहले हरमनप्रीत ने 2024 में श्रीलंका के खिलाफ 27 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
अर्धशतक
पेरी और गार्डनर ने लगाए अर्धशतक
पेरी ने 38 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 56 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके लगाए। उनकी पारी का अंत युवा स्पिनर श्री चरणी ने किया। वहीं, गार्डनर ने 29 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाते हुए जीत दिलाई। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 3 चौके और इतने ही छक्के लगाए। पेरी और गार्डनर की इस जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की।
दीप्ति
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट वाली गेंदबाज बनी दीप्ति
दीप्ति ने अपने 4 ओवर में 31 रन देते हुए 1 विकेट लिया। इसके साथ वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी बन गईं। 28 वर्षीय ऑफ स्पिनर ने भारतीय तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जिन्होंने अपने शानदार करियर में 355 अंतरराष्ट्रीय विकेट लिए थे। दीप्ति के अब 356 विकेट हो गए हैं। इनके अलावा किसी अन्य गेंदबाज ने 340 विकेट भी नहीं लिए हैं।