LOADING...
महिला टी-20 विश्व कप 2026, फाइनल: इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथी बार टी-20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला खेलने उतरेगी

महिला टी-20 विश्व कप 2026, फाइनल: इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Jul 04, 2026
05:01 pm

क्या है खबर?

महिला टी-20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार (5 जुलाई) को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें टूर्नामेंट में अब तक अपराजित रही हैं और ग्रुप चरण के साथ सेमीफाइनल में अपने सभी मैच जीत चुकी हैं। ऐसे में फाइनल में दो मजबूत टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। आइए इस फाइनल मुकाबले का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

दोनों टीमों के बीच कांटे का रहा है मुकाबला

दोनों टीमों के बीच अब तक 44 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 23 में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली है और इंग्लैंड 21 मुकाबले (सुपर ओवर सहित) जीतने में सफल रही है। इंग्लैंड ने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले 17 मैचों में से 11 में जीत हासिल की है और केवल 6 में हार का सामना किया है। लॉर्ड्स में दोनों टीमों के बीच एकमात्र मुकाबला जुलाई 2023 में हुआ था, जिसमें इंग्लैंड ने जीत दर्ज की थी।

विश्व कप

महिला टी-20 विश्व के फाइनल में चौथी बार होगा मुकाबला

महिला टी-20 विश्व कप में दोनों टीमें 7 बार आमने-सामने हुई हैं, जिनमें से 5 मुकाबले नॉकआउट थे। ऑस्ट्रेलिया ने इनमें से सभी पांचों मुकाबले जीते हैं, जिनमें 2010 का एक टाई रहा ग्रुप चरण का मैच भी शामिल है, जो सुपर ओवर तक पहुंचा था। ऑस्ट्रेलिया की 3 जीत फाइनल (2012, 2014 और 2018) में आई है। शेष एक जीत 2016 के सेमीफाइनल में मिली थी। इंग्लैंड की एकमात्र जीत 2009 (सेमीफाइनल) और 2012 (ग्रुप चरण) में आई थी।

Advertisement

प्लेइंग इलेवन

फाइनल मुकाबले में ऐसी हो सकती है दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन

दोनों टीमें फाइनल में अपने सर्वश्रेष्ठ एकादश उतारने का प्रयास करेगी, जिनके दम पर उन्होंने अब तक जीत हासिल की है। ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग इलेवन: बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फोएबे लिट्चफील्ड, एलिस पेरी, एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन। इंग्लैंड की संभावित एकादश: डैनी व्याट-हॉज, एमी जोन्स (विकेटकीपर), नताली साइवर-ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, हीथर नाइट , फ्रेया केम्प, डैनी गिब्सन, चार्ली डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिन्से स्मिथ और लॉरेन बेल।

Advertisement

पिच

कैसा रहता है लॉर्ड्स की पिच का मिजाज?

लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड की पिच हमेशा ही संतुलित मानी जाती है। यहां तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों के लिए बराबर अवसर होते हैं। इसी तरह क्रीज पर टिकने के बाद बल्लेबाजी करना भी आसान हो जाता है। छोटी बाउंड्री होने के कारण मुकाबले में चौके-छक्कों की भरमार दिख सकती है। मैच में ओस का प्रभाव भी देखने को मिलेगा। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का विकल्प चुन सकती है।

जानकारी

कैसा रहा है लंदन का मौसम?

एक्यूवेदर के अनुसार, लंदन में रविवार को मौसम लगभग साफ रहेगा। यहां का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मैच में बारिश की 5 प्रतिशत ही संभावना है। ऐसे में शानदार मैच की उम्मीद है।

प्रदर्शन

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी निगाहें

इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डैनी व्याट-हॉज टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 73.50 के औसत और 151.33 के स्ट्राइक रेट से 294 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए एलिस पेरी ने 46.25 के औसत और 135.03 के स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 185 रन बनाए हैं। कप्तान सोफी मोलिनक्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 6.50 की इकॉनमी रेट से सर्वाधिक 10 विकेट लिए हैं। सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन ने इंग्लैंड के लिए 9-9 विकेट लिए हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच ये मुकाबला 5 जुलाई को लॉर्ड्स के मैदान पर भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement