दीप्ति शर्मा ने टी-20 विश्व कप में पहली बार लिया 5 विकेट हॉल, ये रिकॉर्ड्स बनाए
क्या है खबर?
महिला टी-20 विश्व कप 2026 के छठे मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट चटकाए। टी-20 विश्व कप में ये पहला मौका है जब इस खिलाड़ी ने 5 विकेट हॉल लिए। उन्होंने भारत के लिए टी-20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी किया। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजी भी बन गईं। भारत को 64 रन से जीत मिली।
गेंदबाजी
ऐसी रही दीप्ति की गेंदबाजी
दीप्ति ने 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट केवल 2.50 की रही। इस खिलाड़ी ने गुल फिरोजा (12), आयशा जफर (12), आलिया रियाज (18), नाशरा संधु (4) और तास्मिया रूबाब (0) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने एक रन आउट भी किया। दीप्ति को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया। उनके अलावा श्री चरणी ने मैच में 3 विकेट लिए।
सर्वश्रेष्ठ
दीप्ति ने ये बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम
दीप्ति ने पाकिस्तान के खिलाफ 10 रन देकर 5 विकेट झटके और भारत की ओर से टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन दर्ज किया। उन्होंने रेणुका सिंह के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ 15 रन देकर 5 विकेट लिए थे। इस सूची में प्रियांका रॉय (5/16 बनाम पाकिस्तान, 2009), डायना डेविड (4/12 बनाम श्रीलंका, 2010) और पूनम यादव (4/19 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2020) भी शामिल हैं।
विकेट
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट
दीप्ति ने एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। वह महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। दीप्ति के नाम अब 145 मैचों में 166 विकेट हो गए हैं। उन्होंने थाईलैंड की नत्ताया पुथावोंग (165 विकेट) को पीछे छोड़ा। इस सूची में रवांडा की हेनरिएट इशिम्वे (160 विकेट), ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट (152 विकेट) और थाईलैंड की नन्नापट कोंचरोएनकाई कमचोमफु (148 विकेट) भी शामिल हैं।
दिग्गज
दीप्ति ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 350 विकेट पूरे किए
दीप्ति ने मैच में 5 विकेट चटकाए। वह महिला क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाली पहली स्पिन गेंदबाज बन गईं हैं। भारत के लिए वह यह कारनामा करने वालीं वह दूसरी गेंदबाज हैं। उन्होंने टेस्ट में 22, वनडे में 166 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 166 विकेट चटकाए हैं। उनके 354 विकेट हो गए हैं। भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ झूलन गोस्वामी (355) ने लिए हैं। इस विश्व कप में दीप्ति उनका रिकॉर्ड तोड़ सकती हैं।
करियर
दीप्ति के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर
दीप्ति ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2016 में खेला था। उन्होंने अब तक 145 मुकाबले खेले हैं और इसकी 142 पारियों में 19.42 की औसत से 166 विकेट अपने नाम किए हैं। इस खिलाड़ी ने एक बार 4 विकेट हॉल और 2 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/10 का रहा है। इस खिलाड़ी ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 13 मेडन ओवर भी डाले हैं।