महिला टी-20 विश्व कप 2026: बेथ मूनी ने फाइनल में लगाया अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम को 7 विकेट से शिकस्त दी। लॉर्ड्स में खेले गए खिताबी मैच में इंग्लैंड ने पूरे ओवर खेलने के बाद 150/4 का स्कोर बनाया। जवाब में मेहमान टीम ने बेथ मूनी के अर्धशतक की मदद से 18वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मूनी की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
मूनी ने लगाया अर्धशतक
लक्ष्य का पीछा करते हुए मूनी ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 31वां अर्धशतक 38 गेंदों में पूरा किया। वह 49 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुई। उन्होंने फीबी लिचफील्ड के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 100 रन की उपयोगी साझेदारी की। लिचफील्ड 35 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुई।
आंकड़े
मूनी ने टी-20 विश्व कप में लगाया अपना 9वां अर्धशतक
यह टी-20 विश्व कप के इतिहास में मूनी का कुल 9वां, 50+ रन (संयुक्त रूप से सर्वाधिक) का स्कोर रहा। उनके अलावा साइवर-ब्रंट ने भी 9 स्कोर, 50+ रन के बनाए हैं। मूनी ने टी-20 विश्व कप में अब तक 35 मैचों की 32 पारियों में 43.04 की औसत और 121.77 की स्ट्राइक रेट से 990 रन बनाए हैं। वह इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से तीसरी सर्वाधिक रन वाली बल्लेबाज है।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती ऑस्ट्रेलियाई टीम
इंग्लैंड ने एमी जोंस (6) और डैनी वायट-हॉज (8) के विकेट जल्दी गंवा दिए। इसके बाद कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने अर्धशतक (58*) लगाया। उनके अलावा फ्रेया केम्प ने 28 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में ऑस्ट्रेलिया से जॉर्जिया वोल सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद बेथ मूनी (64) और फीबी लिचफील्ड (48) ने उम्दा पारियां खेलते हुए जीत में योगदान दिया।