महिला टी-20 विश्व कप 2026: बांग्लादेश ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी
क्या है खबर?
महिलाओं के टी-20 विश्व कप 2026 के 18वें मैच में बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम को अपने पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में भारतीय टीम को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए हर हाल में ये मैच जीतना होगा। प्रेमा रावत को इस मैच में मौका नहीं मिला है।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर और नंदिनी शर्मा। बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन: दिलारा अख्तर, जुइरिया फिरदौस, शारमिन अख्तर, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शोभाना मोस्तारी, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, राबेया खान, नाहिदा अख्तर, शांजिदा अख्तर मेघला और मारुफा अख्तर। बांग्लादेश ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।
हेड-टू-हेड
भारत का पलड़ा रहा है भारी
दोनों टीमों के बीच 23 टी-20 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 20 में भारत को जीत मिली है और 3 में हार का सामना किया है। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 163 रन बनाया है। टी-20 विश्व कप में अब तक दोनों टीमों का 3 मौकों पर आमना-सामना हुआ है और सभी में भारतीय टीम जीती है। ऐसे में भारतीय टीम अपने दबदबे को बरकरार रखने का प्रयास करेगी।
पिच
कैसा रहता है ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच का मिजाज?
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम की पिच टी-20 मैचों के लिए आम तौर पर संतुलित और तेज गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाती है। पिच की सख्त सतह और अच्छी उछाल के कारण नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। हालांकि, पिच पर जमने के बाद रन बनाना आसान हो जाता है। यहां की आउटफील्ड बहुत तेज होने के कारण चौके-छक्के लगाना आसान होता है। ऐसे में गेंद और बल्ले के बीच रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है।
ट्विटर पोस्ट
मैच से पहले भारतीय टीम का ये वीडियो आया सामने
𝐂𝐡𝐚𝐫𝐠𝐞 𝐮𝐩. 𝐂𝐨𝐦𝐦𝐢𝐭. 𝐂𝐨𝐦𝐞𝐛𝐚𝐜𝐤 💪 #TeamIndia | #T20WorldCup | #WomenInBlue | #INDvBAN pic.twitter.com/MEPxa9lMaA
— BCCI Women (@BCCIWomen) June 25, 2026