महिला टी-20 विश्व कप 2026: ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
महिला टी-20 विश्व कप 2026 के तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम को 65 रन से हरा दिया। इसी के साथ उसने इस टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 172/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में दक्षिण अफ्रीका 16.4 ओवर में 107 रन ही बना सकी। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम को शुरुआती झटके लगे और एक समय 4 बल्लेबाज 62 रन पर पवेलियन में थे। फीबी लिचफील्ड (50), एलिस पेरी (36), जॉर्जिया वेयरहम (32) और एनाबेल सदरलैंड (21) की पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया अच्छा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। जवाब में दक्षिण अफ्रीका के नियमित अंतराल पर विकेट जाते रहे। लौरा वोल्वार्ड्ट (44) की पारी भी टीम को जीत नहीं दिला पाई। वेयरहम ने 3 विकेट चटकाए।
अर्धशतक
ऐसी रही लिचफील्ड की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को पहले ही ओवर में एक रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। वह 24 गेंदों में 50 रन की पारी खेलकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुई। पवेलियन लौटने से पहले उन्होंने 9 चौके और 1 छक्का लगाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक साबित हुआ। इस खिलाड़ी ने पेरी के साथ 18 गेंदों में 37 और बेथ मूनी के साथ 18 गेदों में 23 रन की साझेदारी निभाई।
उपलब्धि
लिचफील्ड ने हासिल की ये उपलब्धि
लिचफील्ड अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गईं हैं। ऑस्ट्रेलिया टीम से सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड एलिसी हीली (21 गेंद बनाम आयरलैंड, 2018) के नाम पर दर्ज है। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन और इंग्लैंड की एलिस कैसी भी 21-21 गेंदों में अर्धशतक लगा चुकी हैं। वहीं, वेस्टइंडीज की डियांड्रा डॉटिन 22 गेंदों में पचासा जड़ चुकी हैं।
गेंदबाजी
ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने किया कमाल
कप्तान सोफी मोलिन्यूक्स ने 3 ओवर गेंदबाजी की और 17 रन देकर 2 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 5.70 की रही। वेयरहम ने 2.4 ओवर में 13 रन खर्च कर के 3 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी 4.90 की रही। एश्ले गार्डनर ने 3 ओवर में 16 रन देकर एक विकेट लिया। अलाना किंग ने 4 ओवर में 26 रन दिए और 2 विकेट लिए। किम गार्थ को भी एक विकेट मिला।