Page Loader
अगले साल होगा महिला IPL का आयोजन, होम और अवे फॉर्मेट में होगा पुरुषों का टूर्नामेंट
BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने महिला IPL को लेकर बड़े एलान किए हैं (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

अगले साल होगा महिला IPL का आयोजन, होम और अवे फॉर्मेट में होगा पुरुषों का टूर्नामेंट

Sep 22, 2022
04:02 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अगले साल महिलाओं के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आयोजन की उम्मीद कर रहा है। दरअसल, BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने मंगलवार को ईमेल के जरिए राज्य संघों को सूचित किया है कि महिलाओं का IPL 2023 की शुरुआत में खेला जा सकता है। इसके अलावा गांगुली ने यह भी जानकारी दी है कि पुरुषों के IPL का आगामी सीजन होम और अवे फॉर्मेट में खेला जाएगा। इस खबर पर नजर डालते हैं।

जानकारी

इस सीजन से महिलाओं का अंडर-15 टूर्नामेंट भी होगा

गांगुली ने अपने ईमेल में लिखा, 'BCCI इस समय महिला IPL पर काम कर रही है। हम अगले साल की शुरुआत में पहला सीजन शुरू करने की उम्मीद कर रहे हैं। अधिक जानकारी सही समय पर दी जाएगी।' महिला IPL की शुरुआत के अलावा बोर्ड लड़कियों के लिए एक अंडर-15 टूर्नामेंट भी शुरू करेगा। बोर्ड का मानना है कि महिला क्रिकेट के विकास के लिए यह टूर्नामेंट अहम साबित होगा।

विमेंस टी-20 चैलेंज

2018 से विमेंस टी-20 चैलेंज का आयोजन कर रही है BCCI

2018 में दो टीमों के बीच टी-20 चैलेंज का आयोजन किया गया था और फिर 2019 में एक और टीम को इसमें जोड़ा गया। 2020 में टीमों की संख्या बढ़ाकर चार कर दी गई थी और मैच भी सात खेले जाने थे, लेकिन कोरोना वायरस के कारण तीन टीमों और चार मैचों के साथ ही टूर्नामेंट हुआ था। 2021 में टूर्नामेंट का आयोजन ही नहीं हुआ तो वहीं 2022 में तीन टीमों के बीच चार मैचों का आयोजन हुआ था।

IPL 2023

होम और अवे फॉर्मेट में खेला जाएगा पुरुषों का IPL 2023

गांगुली के आगे कहा, "पुरुषों के IPL का अगला सीजन होम और अवे फॉर्मेट में फिर से खेला जाएगा। इसमें सभी 10 टीमें अपने घरेलू मैच अपने निर्धारित स्थानों पर खेलेंगी।" बता दें पिछले साल IPL के लीग चरण के मैच मुंबई और पुणे के चार स्थानों पर खेले गए थे, जबकि नॉकआउट मैच कोलकाता और अहमदाबाद में खेले गए थे। वहीं IPL 2022 में गुजरात टाइटंस ने खिताब पर कब्जा किया था।

मेजबानी

विश्व कप के बाद ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका की मेजबानी करेगी भारतीय पुरुष टीम

गांगुली ने अपने ईमेल के जरिए जानकारी दी कि भारतीय पुरुष टीम टी-20 विश्व कप के बाद श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगी। इस समय भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज खेल रही है और इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी टी-20 सीरीज खेलेगी। दूसरी तरफ भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस साल ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगी। बता दें इस समय महिला टीम इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज खेल रही है।