महिला क्रिकेट, भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: स्मृति मंधाना ने जड़ा 23वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शानदार अर्धशतकीय (54) पारी खेली।
यह उनके टी-20 करियर का 23वां और कंगारू टीम के खिलाफ 7वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 50 गेंदों में पूरा किया।
उनकी इस पारी के दम पर ही भारतीय टीम 1 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज कर ली।
आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
पारी
मैच में ऐसी रही मंधाना की बल्लेबाजी
मंधाना ने मैच में 52 गेंद का सामना करते हुए 54 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 1 छक्का लगाया।
उनकी स्ट्राइक रेट 103.85 की रही। पहले विकेट के लिए मंधाना और शफाली वर्मा (64*) के साथ 92 गेंदों में 137 रन की शतकीय साझेदारी निभाई।
टी-20 में यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय महिला सलामी बल्लेबाजों की ओर से की गई पहली शतकीय साझेदारी है। इसके दम पर भारत को आसान जीत मिल गई।
उपलब्धि
मंधाना ने पूरे किए 3,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन
पारी के दौरान दूसरा रन बनाते ही मंधाना के नाम बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई। उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 3,000 रन पूरे हो गए।
वह इस मुकाम तक पहुंचने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। उनसे पहले ये कारनामा भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने किया था।
दुनिया में सिर्फ 6 महिला खिलाड़ियों ने यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है। मंधाना ने सिर्फ 122वीं पारी में यह कारनामा किया है। हरमनप्रीत ने यहां तक पहुंचने के लिए 135 पारियां ली थी।
रिकॉर्ड
मंधाना के नाम दर्ज हुए दूसरे सर्वाधिक महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक
भारतीय स्टार मंधाना (23) महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरी सबसे अधिक अर्धशतक जमाने वाली खिलाड़ी हैं।
उनसे अधिक अर्धशतक जमाने का रिकॉर्ड बेट्स के नाम दर्ज है। कीवी खिलाड़ी ने 152 मैचों में अब तक 28 अर्धशतक जमाए हैं।
इस सूची में तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज की स्टैफनी टेलर हैं, जिन्होंने 117 मैचों में 22 अर्धशतक जमाए हैं। भारतीयों में मंधाना के बाद पूर्व कप्तान मिताली राज (17) का नंबर है।
मुकाबला
भारत ने ऐसे जीता मुकाबला
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही और 33 रन तक 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।
फोएबे लिचफील्ड ने सर्वाधिक स्कोर (49) रन बनाया। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। एलिस पेरी के बल्ले से 30 गेंद में 37 रन निकले। भारत के लिए तितास साधु ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।
जवाब में भारतीय टीम ने शफाली और मंधाना की पारियों के दम पर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।