LOADING...
विमेंस प्रीमियर लीग के लिए कब होगी खिलाड़ियों की नीलामी? जानिए क्या है BCCI की योजना 
विमेंस प्रीमियर लीग में खिलाड़ियों की नीलामी 11 फरवरी या 13 फरवरी को हो सकती है (फोटो: ट्विटर/@imfemalecricket)

विमेंस प्रीमियर लीग के लिए कब होगी खिलाड़ियों की नीलामी? जानिए क्या है BCCI की योजना 

Feb 01, 2023
02:13 pm

क्या है खबर?

इस साल मार्च में होने वाले पहली विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 11 फरवरी को नई दिल्ली या फिर 13 फरवरी को मुंबई में होने की संभावना है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस सप्ताह के आखिर में इसको लेकर अंतिम फैसला करेगा। ईएसपीएन-क्रिकइन्फो के अनुसार, BCCI ने टूर्नामेंट के मैचों की मेजबानी के लिए मुंबई में दो स्थान निर्धारित किए हैं। आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।

BCCI

BCCI को बदलना पड़ा प्लान 

नीलामी शुरू में फरवरी के पहले सप्ताह में होने की योजना थी। इसे मुख्य रूप से दो कारणों से स्थगित किया गया है। पहला कारण यह है कि तीन WPL फ्रेंचाइजी के मालिकों ने दुबई टी-20 लीग और दक्षिण अफ्रीका टी-20 लीग (SA20) में भी टीम खरीद रखी हैं। दोनों टूर्नामेंट क्रमशः 11 और 12 फरवरी को समाप्त होंगे। दूसरा कारण है कि फ्रेंचाइजियों के पास अपने कोचिंग स्टाफ को इकट्ठा करने के लिए सीमित समय है।

आयोजन

मुंबई में होगा WPL 2023 का आयोजन  

WPL 2023 का आयोजन मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम और नवी मुंबई के डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में किया जाएगा। इसे एक शहर तक सीमित करने के पीछे मुख्य कारण BCCI के सामने आने वाली संभावित चुनौतियां हैं। ICC महिला टी-20 विश्व कप 2023 के समापन के एक सप्ताह बाद लीग शुरू होने वाली है। ऐसे में ज्यादा शहरों में इसका आयोजन नहीं किया जा रहा है। खिलाड़ियों को ज्यादा ट्रैवल करने में परेशानी हो सकती है।

Advertisement

WPL

कौन हैं WPL के पांचों टीमों के मालिक 

WPL के लिए अडानी समूह ने अहमदाबाद स्थित फ्रेंचाइजी को 1,289 करोड़ रुपये में खरीदा है। मुंबई स्थित टीम को मुंबई इंडियंस के मालिकों ने 912.99 करोड़ रुपये में खरीदा है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के मालिकों ने बेंगलुरु स्थित फ्रेंचाइजी को 901 करोड़ रुपये में अपने नाम किया। दिल्ली की टीम को दिल्ली कैपिटल्स के मालिकों ने 810 करोड़ रुपये में खरीदा है। इसी तरह कैप्री ग्लोबल ने लखनऊ स्थित फ्रेंचाइजी ने 757 करोड़ रुपये में खरीदा है।

Advertisement

मेंटर

मुंबई की मेंटर होंगी झूलन गोस्वामी 

इस बीच भारत की पूर्व महिला टीम की तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी को मुंबई ने WPL के लिए गेंदबाजी कोच और मेंटर के रूप में चुना है। भारत के पूर्व कप्तान और दिल्ली कैपिटल्स के टीम निदेशक सौरव गांगुली ने इसकी पुष्टि की। गांगुली ने मंगलवार (31 जनवरी) को ईडन गार्डन्स में मीडिया से कहा, "झूलन मुंबई चली गई हैं। हमने उन्हें एक प्रस्ताव दिया था, लेकिन वह मुंबई जा रही है।"

झूलन गोस्वामी 

गोस्वामी के अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर 

गोस्वामी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए 12 टेस्ट मैच खेले और 17.36 की औसत से 44 विकेट लिए। उन्होंने तीन बार पांच विकेट भी झटके हैं। वहीं 204 एकदिवसीय मैचों में उन्होंने 22 की औसत से 255 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने दो बार पांच विकेट लिए हैं। उन्होंने पिछले साल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने 68 टी-20 मैच में 21.94 की औसत से 56 विकेट लिए हैं।

Advertisement