क्या वैभव सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट में हो पाएंगे सफल? न्यूजीलैंड के स्पिनर ने दिया बड़ा बयान
क्या है खबर?
ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में UAE-A के खिलाफ महज 53 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर सनसनी मचाने वाले इंडिया-A के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की चारों ओर चर्चा हो रही है। अब न्यूजीलैंड के स्टार लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ने भी उनकी जमकर तारीफ की है। सोढ़ी का मानना है कि वैभव की गेंद को हिट करने की असाधारण क्षमता उन्हें क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप यानी टेस्ट क्रिकेट में भी बेहद कारगर बना सकती है।
बयान
सोढ़ी ने क्या दिया बयान?
सोढ़ी ने सूर्यवंशी की निरंतरता और बल्लेबाजी की रेंज को अद्भुत बताया।
उन्होंने कहा, "मैंने अपने पूरे करियर में किसी को भी इतनी निरंतरता के साथ गेंद को हिट करते नहीं देखा है। वह एक अभूतपूर्व बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर वह आगे चलकर भारतीय टीम को जबरदस्त ताकत प्रदान करते हैं।"
सूर्यवंशी के टेस्ट क्रिकेट के सफल होने के सवाल पर भी सोढ़ी ने उनका खुलकर समर्थन किया है।
सफलता
सूर्यवंशी की टेस्ट क्रिकेट में सफलला की संभावना पर सोढ़ी का बयान
सोढ़ी ने कहा, "मेरी कुछ दिन पहले ही किसी से बात हो रही थी कि क्या सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट खेल सकते हैं? मुझे लगता है कि उनके बुनियादी सिद्धांत शानदार हैं। जिस तरह वह मैदान के हर हिस्से में शॉट खेलते हैं, उसे देखते हुए उनकी तकनीक काफी अच्छी है। मैं सोच रहा था कि अगर टेस्ट मैच के आखिरी दिन जीत के लिए 380 या 400 रनों का पीछा करना है, तो उनके जैसा खिलाड़ी अविश्वसनीय होगा।"
पारी
लंबी पारी खेलने के धैर्य पर क्या बोले कीवी स्पिनर?
हालांकि, सोढ़ी ने कहा कि तेजी से रन बनाने की क्षमता और टेस्ट में घंटों क्रीज पर टिके रहने के धैर्य के बीच अंतर होता है।
उन्होंने कहा, "यदि हम पारंपरिक नजरिए से देखें कि क्या वह वास्तव में बहुत लंबे समय तक बल्लेबाजी कर सकते हैं और क्रीज पर समय बिता सकते हैं? तो मैं इस बारे में निश्चित नहीं हूं। मैंने अभी तक उनकी रक्षात्मक तकनीक नहीं देखी है, लेकिन वह टेस्ट क्रिकेट में प्रभावी हो सकते हैं।"
रिकॉर्ड
सूर्यवंशी ने तोड़े कई बड़े रिकॉर्ड
सूर्यवंशी की इस तूफानी पारी में कुल 28 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके शामिल रहे, जो किसी भी एक पेशेवर क्रिकेट पारी में सर्वाधिक छक्कों का नया विश्व रिकॉर्ड है।
इस दौरान उन्होंने महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और ऑस्ट्रेलियाई ओपनर जेक फ्रेजर-मैकगर्क के सबसे तेज लिस्ट-A शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इसके बाद उन्होंने 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर सबसे तेज लिस्ट-A दोहरे शतक का नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।