क्या न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में बदलेगी भारतीय टीम? अजय जडेजा ने दिया सुझाव
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे वनडे में जीत दर्ज करते हुए सीरीज में फिलहाल 2-0 से बढ़त बनाई हुई है। अब सीरीज का तीसरा वनडे मैच 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजय जडेजा ने सलाह दी है कि भारतीय टीम को तीसरे वनडे मैच में गेंदबाजी में बदलाव करना चाहिए। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए अर्शदीप की जगह सिराज को मिलना चाहिए मौका- अजय जडेजा
जडेजा का मानना है कि टीम मैनेजमेंट को खिलाड़ियों के वर्कलोड और आराम को ध्यान में रखते हुए बदलाव करने चाहिए।
उन्होंने कहा, "शायद एक बदलाव हो सकता है। अर्शदीप ने अच्छी गेंदबाजी की है। वह टी-20 भी खेल रहे हैं, और हमने अब तक सिराज को नहीं देखा है। ऐसा उनके प्रदर्शन की वजह से नहीं है, बल्कि यह देखने के लिए है कि बिना किसी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के यह गेंदबाजी आक्रमण कैसा काम करता है।"
बयान
बल्लेबाजी क्रम में नहीं है बदलाव की कोई गुंजाइश- अजय जडेजा
जडेजा ने आगे कहा, "भारत इन सभी मैचों का इस्तेमाल विश्व कप के लिए टीम को तैयार करने के लिए कर रहा है। एक बाएं हाथ के खिलाड़ी की जगह एक दाएं हाथ का खिलाड़ी आएगा। बल्लेबाजी क्रम में किसी बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं है। चूंकि मैदान छोटा है, इसलिए आप कोई अतिरिक्त स्पिनर भी नहीं जोड़ेंगे। इसलिए, अगर भारत की तरफ से कोई बदलाव होता है, तो इसका मकसद किसी खिलाड़ी को थोड़ा आराम देना है।"
आंकड़े
ऐसा है अर्शदीप का प्रदर्शन
अर्शदीप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ संपन्न हुई टी-20 सीरीज में 5 मैचों में कुल 6 विकेट लिए थे। भारत ने उस सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया था।
इसके बाद वनडे सीरीज में शुरुआती 2 मैचों में 4 विकेट लिए हैं।
उन्होंने ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में 4 सफलताएं प्राप्त की थी और दूसरे वनडे में कोई विकेट नहीं ले सके।
सिराज ने आखिरी बार वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे।