क्या भारतीय टीम में वापसी कर पाएंगे सूर्यकुमार यादव? अहम खबर आई सामने
क्या है खबर?
भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव इस समय सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भारत की इस घरेलू टी-20 लीग में टीम की कप्तानी करते हुए सूर्यकुमार ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके बावजूद उनकी टीम में वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। ऐसी खबर है कि उनका भारतीय टीम में वापसी का रास्ता लगभग बंद माना जा रहा है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
फिलहाल सूर्यकुमार चयन योजनाओं का हिस्सा नहीं- BCCI सूत्र
समाचार एजेंसी ANI ने BCCI के सूत्र के हवाले से लिखा, "फिलहाल सूर्या हमारी योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। हम यशस्वी जायसवाल के लिए भी व्हाइट-बॉल सेटअप में जगह नहीं बना पाए हैं। हां, वह (सूर्यकुमार) कड़ी मेहनत कर रहे हैं और घरेलू स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि मौजूदा भारतीय टीम में उन्हें कहां शामिल किया जाए। फिलहाल उनके लिए कोई जगह नहीं है।"
प्रदर्शन
ऐसा है सूर्यकुमार का हालिया प्रदर्शन
सूर्यकुमार ने इस समय खेली जा रही मुश्ताक अली ट्रॉफी में 3 पारियों में 83.50 की औसत और 269.35 की स्ट्राइक रेट के साथ 167 रन बनाए हैं।
उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ मैच में 21 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए थे। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए।
इसके बाद गुजरात के विरुद्ध मुंबई के कप्तान ने 82 रन की पारी खेली थी।
वहीं, गोवा के विरुद्ध उन्होंने 12 गेंदों में 25 रन बनाए थे।
टी-20
सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने जीता था टी-20 विश्व कप
सूर्यकुमार की कप्तानी में भारतीय टीम ने कोई भी द्विपक्षीय टी-20 सीरीज नहीं गंवाई और एशिया कप का खिताब भी जीता था।
इसी साल भारत ने उनकी कप्तानी में टी-20 विश्व कप 2026 जीतकर इतिहास रचा था। हालांकि, पिछले एक साल में उनकी बल्लेबाजी सामान्य रही थी।
साल 2025 में उन्होंने 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में महज 13.62 की औसत से केवल 218 रन बनाए थे।
टी-20 विश्व कप 2026 में उन्होंने 30.25 की औसत से 242 रन बनाए थे।
करियर
ऐसा रहा है सूर्यकुमार का अंतरराष्ट्रीय करियर
सूर्यकुमार ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 113 मैच खेले थे, जिसमें 36.35 की औसत के साथ 3,272 रन बनाए थे।
इस बीच उन्होंने 4 शतक और 25 अर्धशतक लगाए थे।
उन्होंने 37 वनडे की 25 पारियों में 25.76 की औसत के साथ 773 रन बनाए, जिसमें 4 अर्धशतक शामिल थे।
उन्होंने भारत की ओर से अपने इकलौते टेस्ट में सिर्फ 8 रन बनाए थे। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच टी-20 विश्व कप 2026 फाइनल खेला था।