Page Loader
जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका: वियान मुल्डर ने लगातार दूसरे टेस्ट में जड़ा शतक, जानिए उनके आंकड़े 
वियान मुल्डर ने शानदार पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@Werries_)

जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका: वियान मुल्डर ने लगातार दूसरे टेस्ट में जड़ा शतक, जानिए उनके आंकड़े 

Jul 06, 2025
05:15 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर वियान मुल्डर ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट की पहली पारी में शतक लगाया है। यह उनके टेस्ट करियर का तीसरा शतक है। उन्होंने लगातार दूसरे टेस्ट में शतकीय पारी खेली है। पहले टेस्ट में भी उनके बल्ले से शतक निकला था। उस मुकाबले में उन्होंने 147 रन की पारी खेली थी। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही मुल्डर की पारी 

दक्षिण अफ्रीका ने जब अपनी पहली पारी में सिर्फ 11 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब मुल्डर क्रीज पर आए। बुलवायो में उन्होंने कप्तानी पारी खेलते हुए 116 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए मुल्डर ने पहले दिन के दूसरे सत्र में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। 24 रन तक टीम के 2 बल्लेबाज पवेलियन में थे। डेविड बेडिंघम के साथ मिलकर उन्होंने पारी संभाली।

पहला

पहले टेस्ट में ऐसी रही थी मुल्डर की पारी 

पहले टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी के दौरान मुल्डर ने 206 गेंदों का सामना किया था और 147 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 17 चौके और 2 छक्के निकले थे और उनकी स्ट्राइक रेट 71.36 की रही थी। शतक लगाने से पहले मुल्डर ने गेंदबाजी में भी कमाल किया था। उन्होंने जिम्बाब्वे की पहली पारी के दौरान 50 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे। दूसरी पारी में इस खिलाड़ी को सफलता नहीं मिल पाई थी।

बांग्लादेश

जिम्बाब्वे के अलावा इस टीम के खिलाफ शतक लगा चुके हैं मुल्डर

मुल्डर ने जिम्बाब्वे के अलावा टेस्ट क्रिकेट में एकमात्र शतक बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ लगाया है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक 4 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 6 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 209 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी औसत 41.80 की है। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 1 अर्धशतक भी निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105* रन रहा है।

करियर

ऐसा रहा है मुल्डर का टेस्ट करियर 

मुल्डर ने 2019 में अपने टेस्ट करियर का आगाज श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था। उन्होंने 21 टेस्ट की 34 पारियों में 850 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 शतक के अलावा 1 अर्धशतक लगाया है। मुल्डर ने अपने टेस्ट करियर की सबसे बड़ी पारी (147 रन) जिम्बाब्वे के खिलाफ ही खेली थी। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 25.60 की औसत के साथ 35 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/32 का रहा है।