Page Loader
जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका: वियान मुल्डर ने कप्तानी करते हुए लगाया दोहरा शतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स
वियान मुल्डर ने जड़ा दोहरा शतक (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका: वियान मुल्डर ने कप्तानी करते हुए लगाया दोहरा शतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स

Jul 06, 2025
07:57 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के कप्तान वियान मुल्डर ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा है। यह उनके युवा टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक है। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने डेविड बेडिंगम (82) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 184 रन की साझेदारी भी की। आइए मुल्डर की पारी और टेस्ट के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

जोरदार रही मुल्डर की पारी 

दक्षिण अफ्रीका ने जब अपनी पहली पारी में सिर्फ 11 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब मुल्डर क्रीज पर आए। बुलवायो में उन्होंने कप्तानी पारी खेलते हुए 116 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए मुल्डर ने पहले दिन के तीसरे सत्र में अपना दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों को अपने विकेट के लिए तरसा दिया और कप्तान के रूप में ऐतिहासिक पारी खेली।

करियर 

ऐसा रहा है मुल्डर का टेस्ट करियर 

मुल्डर ने 2019 में अपने टेस्ट करियर का आगाज श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था। उन्होंने 21 टेस्ट की 34 पारियों में 950 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 शतक के अलावा 1 अर्धशतक लगाया है। दिलचस्प रूप से उन्होंने सीरीज के पहले टेस्ट में भी शतक जड़ा था। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 25.60 की औसत के साथ 35 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/32 का रहा है।

जानकारी

दोहरा शतक जड़ने वाले चौथे दक्षिण अफ्रीकी कप्तान 

मुल्डर अब दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी करते हुए टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले सिर्फ चौथे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले ग्रीम स्मिथ (4 बार), हाशिम अमला (2 बार) और डुडली नर्स ऐसा कर चुके हैं।

कप्तानी 

कप्तानी डेब्यू में दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे खिलाड़ी 

मुल्डर इस मुकाबले में अपनी कप्तानी का भी डेब्यू कर रहे हैं। दरअसल, तेम्बा बावुमा की गैरमौजूदगी में केशव महाराज को इस सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया था। महाराज पहले टेस्ट में चोटिल हुए और मुल्डर को कप्तानी मिली थी। मुल्डर कप्तानी डेब्यू में दोहरा शतक जड़ने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले ग्राहम डाउलिंग (239 रन बनाम भारत, 1968) और शिवनारायण चंद्रपॉल (203* रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2005) ऐसा कर चुके हैं।

दोहरा शतक 

मुल्डर ने दक्षिण अफ्रीका से जड़ा दूसरा सबसे तेज दोहरा शतक 

मुल्डर ने 214 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया था। वह दक्षिण अफ्रीका की ओर से दूसरा सबसे तेज दोहरा शतक (गेंदों के लिहाज से) लगाने वाले बल्लेबाज बने। उनसे आगे इस सूची में हर्षल गिब्स हैं, जिन्होंने 211 गेंदों में पाकिस्तान के खिलाफ (2003) ये कारनामा किया था। इस सूची में ग्रीम स्मिथ तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 238 गेंदों में (बनाम बांग्लादेश, 2008) अपना दोहरा शतक पूरा किया था।