रणजी ट्रॉफी से पहले विकेटकीपिंग क्यों कर रहे हैं जायसवाल? मुंबई के कप्तान ने किया खुलासा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली रणजी ट्रॉफी में खेलने के लिए तैयार हैं। वह मुंबई क्रिकेट टीम में चुने गए हैं। इस बीच खबर है कि जायसवाल रणजी ट्रॉफी सीजन की तैयारी के दौरान विकेटकीपिंग का अभ्यास भी कर रहे हैं। मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने भी जायसवाल की विकेटकीपिंग करने की पुष्टि की है। आइए जानते हैं लाड ने क्या कुछ कहा है।
बयान
मुंबई या भारतीय टीम के लिए विकेटकीपिंग करना चाहते हैं- सिद्धेश लाड
मुंबई को अपने पहले मैच में 11 अक्टूबर चंडीगढ़ से भिड़ना है।
इस मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लाड ने कहा, "मुझे लगता है कि यशस्वी विकेटकीपिंग शुरू करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। मैंने उनसे यही सुना है। वह मुंबई या भारतीय टीम के लिए विकेटकीपिंग करना चाहते हैं। उनका मकसद यही है, मुझे ऐसा ही लगता है, लेकिन इस बारे में मुझे कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।"
रिपोर्ट
जायसवाल ने 10 ओवर विकेटकीपिंग भी की
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणजी ट्रॉफी से पहले मुंबई के एक अभ्यास मैच के दौरान जायसवाल ने लगभग 10 ओवर तक विकेटकीपिंग भी की है।
लाड ने कहा, "उन्होंने विकेटकीपिंग का अभ्यास शुरू कर दिया है क्योंकि उन्हें लगता है कि वह अपने खेल में कुछ और जोड़ना चाहते हैं। मुझे पक्का नहीं पता कि उनका इरादा क्या है, लेकिन अभी वह विकेटकीपिंग का अभ्यास कर रहे हैं और अगर वह ऐसा करते रहे, तो उन्हें इसकी आदत हो जाएगी।"
बयान
यशस्वी जायसवाल टीम के लिए उपयोगी हैं- सिद्धेश लाड
रणजी ट्रॉफी के पहले मैच के लिए मुंबई की टीम में शार्दुल ठाकुर नहीं हैं।
वहीं, अजिंक्य रहाणे भी संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में जायसवाल टीम के अनुभवी खिलाड़ी हैं और उनसे मुंबई को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
लाड ने उनकी उपयोगिता को लेकर आगे कहा, "मुझे लगता है कि यशस्वी सिर्फ पहले मैच के लिए उपलब्ध हैं। यशस्वी जैसे खिलाड़ी सिर्फ अच्छा प्रदर्शन ही नहीं करते, बल्कि अपने अनुभव से टीम की वैल्यू भी बढ़ाते हैं।"
मुंबई
ऐसी है रणजी ट्रॉफी के लिए मुंबई की टीम
मुंबई की टीम में सूर्यकुमार यादव शुरुआती मुकाबलो के लिए नहीं चुने गए हैं।
चयनकर्ताओं ने सरफराज खान जैसे अनुभवी और स्थापित वरिष्ठ खिलाड़ियों को दरकिनार करते हुए सीधे 19 वर्षीय आयुष म्हात्रे को उपकप्तान बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
मुंबई की टीम: सिद्धेश लाड (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आयुष म्हात्रे (उपकप्तान), दिव्यांश सक्सेना, मुशीर खान, सरफराज खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डीसूजा, ओंकार तरमले।