क्यों BCCI टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2 टीमें बनाने पर कर रहा है विचार?
क्या है खबर?
पिछले कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 क्रिकेट में अपना वर्चस्व स्थापित किया हुआ है। इस बीच खबर है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) टी-20 प्रारूप में भारत की 2 टीमें बनाने पर विचार कर रहा है। बोर्ड कथित तौर पर 30-35 खिलाड़ियों का एक पूल बनाने की योजना बना रहा है, ताकि एक ही समय पर 20 ओवर की 2 मजबूत टीमें मैदान में उतारी जा सकें।
रिपोर्ट
IPL के चलते तैयार होगा खिलाड़ियों का पूल
NDTV की एक रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड ने यह फैसला भारत के आने वाले समय में होने वाले टी-20 मैचों को ध्यान में रखते हुए लिया है। इस समय खेली जा रही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कई युवा खिलाड़ियों ने कमाल किया है। ऐसे में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की लंबी सूची के बीच BCCI और अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति के लिए 30-35 खिलाड़ियों का पूल बनाना संभव हो सकता है।
बयान
अक्टूबर में 2 टीमें एक साथ खेलती हुई आ सकती हैं नजर
रिपोर्ट में BCCI के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है, "एशियाई खेलों और भारत बनाम वेस्टइंडीज टी-20 सीरीज एक ही समय पर होंगी। इसलिए हमें 2 अलग-अलग टी-20 टीमें मैदान पर उतारनी होंगी। अभी से 30-35 क्रिकेटरों का एक ऐसा पूल तैयार रखना जरूरी है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए बुलाया जा सके। आयरलैंड के आगामी दौरे के लिए खिलाड़ियों का एक बड़ा पूल रखा जाएगा। एशियाई खेलों के लिए भी यही व्यवस्था जारी रहेगी।"