भारतीय क्रिकेट टीम से अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले यश ठाकुर कौन हैं?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टी-20 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हरारे में खेले जा रहे मैच में भारत की ओर से यश ठाकुर को डेब्यू करने का मौका मिला। यह किसी भी प्रारूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला ही मैच साबित हुआ। इससे पहले यश इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी तेज गति से प्रभावशाली प्रदर्शन कर चुके हैं। आइए उनके सफर और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
परिचय
बचपन में वुशु खेलते थे यश ठाकुर
यश का जन्म 28 दिसंबर, 1998 को कोलकाता में हुआ।
उनके पिता रवि सिंह ठाकुर अपने समय में राज्य स्तर के जूडो खिलाड़ी थे और साथ ही कराटे और क्रिकेट में भी हाथ आजमाते थे।
यश ने खेल की दुनिया में अपनी शुरुआत क्रिकेट के मैदान से नहीं, बल्कि मैट पर वुशु की प्रैक्टिस से की।
वह 3 साल तक इसमें लगे रहे और राज्य स्तर टूर्नामेंट में रजत पदक जीतने में कामयाब हुए थे।
करियर
मां की चिंता के बाद यश ने छोड़ा वुशु
स्पोर्टस्टार के मुताबिक, एक जिला-स्तरीय मैच में यश ने अपने प्रतिद्वंद्वी को नॉक-आउट करके जीत हासिल की थी।
जब उसके पिता यह खबर लेकर घर पहुंचे, तो उनकी मां काजल ठाकुर ने खुशी के बजाय चिंता जताई; उन्हें डर था कि कहीं एक दिन उनके बेटे का भी वही हाल न हो जाए।
यहीं पर उनका मार्शल आर्ट सीखने का उसका सफर समाप्त हुआ।
इसके बाद यश का दाखिला नागपुर स्थित 'प्रवीण हिंगनिकर क्रिकेट अकादमी' में कराया।
करियर
2017 में की अपने पेशेवर क्रिकेट करियर की शुरुआत
यश ने 2017 में विदर्भ क्रिकेट टीम से अपने लिस्ट-A करियर की शुरुआत की।
उन्होंने अब तक 57 लिस्ट-A मैचों में 27.01 की औसत के साथ 90 विकेट चटकाए। इस बीच उन्होंने एक पारी में 5 विकेट हॉल भी लिया।
दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 32 प्रथम श्रेणी मैचों में 27.66 की औसत से 93 सफलताएं हासिल की।
विदर्भ में उन्होंने उमेश यादव के साथ खेलते हुए अपनी गेंदबाजी में खासा सुधार किया।
टी-20 करियर
ऐसा है यश का टी-20 करियर
यश ने 2019 में अपने टी-20 क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी।
उन्होंने अब तक 74 टी-20 मुकाबलों (अंतरराष्ट्रीय डेब्यू से पहले) में 18.75 की औसत और 8.17 की इकॉनमी रेट के साथ 110 विकेट लिए हैं।
इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 16 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा।
अपने IPL करियर में वह 30.55 की औसत से 22 मैचों में 27 विकेट ले चुके हैं।
वह PBKS से पहले LSG से खेल चुके हैं।