Page Loader
डेब्यू वनडे में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले मैथ्यू ब्रीट्जके कौन हैं? जानिए उनका सफर 
मैथ्यू ब्रीट्जके ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ICC)

डेब्यू वनडे में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले मैथ्यू ब्रीट्जके कौन हैं? जानिए उनका सफर 

Feb 10, 2025
07:14 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान में खेली जा रही त्रिकोणीय वनडे सीरीज के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के लिए मैथ्यू ब्रीट्जके ने डेब्यू किया। उन्होंने अपने पहले ही वनडे मुकाबले में इतिहास रच दिया। वह वनडे डेब्यू में 150 रन का आंकड़ा छूने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बने हैं। डेब्यू वनडे पारी में पिछला उच्चतम स्कोर डेसमंड हेन्स के नाम (148 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1978) था। ऐसे में आइए ब्रीट्जके के अब तक के सफर पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ब्रीट्जके ने हासिल की ये उपलब्धि

ब्रीट्जके ने अपनी पारी में 148 गेंदों का सामना किया और 150 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 101.35 की रही। ब्रीट्जके अब वनडे डेब्यू में शतक लगाने वाले दक्षिण अफ्रीका के चौथे खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले कोलिन इनग्राम (2010), तेम्बा बावुमा (2016) और रीजा हेंड्रिक्स (2018) ये कारनामा कर चुके हैं। हालांकि, इस शतक के बावजूद उनकी टीम 6 विकेट से हार गई।

सफर

ब्रीट्जके के सफर पर एक नजर 

ब्रीट्जके दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग (SA20) में डरबन सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं। उनकी प्रतिभा काफी कम उम्र में सबके सामने थी। वह 16 साल की उम्र में अंडर-19 टीम के नियमित सदस्य बन गए थे। उन्होंने युवा करियर में 25 वनडे खेले और 1,000 से ज्यादा रन बनाए। वह 2018 में अंडर-19 विश्व कप खेलने वाली दक्षिण अफ्रीका टीम का भी हिस्सा थे। 2024 की SA20 लीग में वह तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने बाले बल्लेबाज थे।

IPL

IPL में इस टीम के लिए खेलेंगे ब्रीट्जके

ब्रीट्जके इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। उन्हें उनकी बेस प्राइस 75 लाख रुपये में LSG ने नीलामी के दौरान खरीदा था। हालांकि, 2025 की SA20 में इस खिलाड़ी का बल्ला कुछ खास कमाल नहीं कर पाया था। उन्होंने 9 मैच की 7 पारियों में 16.71 की औसत और 103.53 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 117 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 33 रन रहा था।

करियर

ब्रीट्जके के  लिस्ट-A करियर पर एक नजर 

वनडे डेब्यू से पहले लिस्ट-A क्रिकेट में ब्रीट्जके ने 58 मुकाबले खेले थे। इसकी 58 पारियों में 29.86 की औसत से 1,583 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 10 अर्धशतक निकले है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 131* रन रहा है। इस खिलाड़ी ने अपना पहला लिस्ट-A मुकाबला साल 2017 में खेला था। ब्रीट्जके ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 10 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेले हैं और 16.77 की औसत से 151 रन बनाए हैं।