लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले चैड बोस कौन हैं? जानिए उनका करियर
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज चैड बोस ने लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
कैंटरबरी के इस बल्लेबाज ने ओटागो के खिलाफ सिर्फ 103 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया।
उन्होंने भारत के नारायण जगदीसन और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा। इन दोनों बल्लेबाजों ने 114 गेंदों में अपने-अपने दोहरे शतक पूरे किए थे।
आइए उनकी पारी के बारे में जानते हैं।
पारी
शानदार रही बोस की पारी
द फोर्ड ट्रॉफी में कैंटरबरी की ओर से पारी की शुरुआत करते हुए बोस ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 53 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
शतक पूरे करने के बाद भी उन्होंने आक्रामक अंदाज जारी रखा और 77 गेंदों में 150 और 103 गेंदों में 200 रन का आंकड़ा छूआ।
वह 110 गेंदों पर 205 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस अविश्वसनीय पारी में 27 चौके और 6 छक्के लगाए थे।
ट्विटर पोस्ट
NZC ने साझा किया वीडियो
A world record for Chad Bowes! Brings up his double century from just 103 balls for Canterbury! Travis Head and Narayan Jagadeesan with the previous List A record of 114 balls. LIVE stream + HIGHLIGHTS | https://t.co/XdSuQE7ceZ #FordTrophy pic.twitter.com/mNZe65UEtE
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) October 23, 2024
जानकारी
कैंटरबरी ने 240 रन से जीता मैच
बोस की पारी की मदद से कैंटरबरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 343/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए ओटागो की टीम 103 रन पर ही ढेर हो गई थी।
करियर
न्यूजीलैंड से वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेल चुके हैं बोस
बोस ने मार्च 2023 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी।
उन्होंने अब तक 6 वनडे में 1 अर्धशतक की मदद से 99 रन बनाए हैं।
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 11 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 119.87 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 187 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 1 अर्धशतक अपने नाम किया है।
वह कीवी टीम से कोई टेस्ट नहीं खेल सके हैं।
आंकड़े
ऐसा है बोस का लिस्ट-A करियर
32 वर्षीय बोस ने अब तक 100 लिस्ट-A मैच खेले हैं, जिसमें 39.23 की औसत और 88.51 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,492 रन बनाए हैं।
आज उन्होंने अपना पहला दोहरा शतक लगाया है।
उन्होंने अपने करियर में 8 शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं।
अपने प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने 92 मैच खेले हैं, जिसमें 29.27 की औसत से 4,186 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 9 शतक और 16 अर्धशतक लगाए हैं।
दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका से अंडर-19 खेल चुके हैं बोस
अंडर-19 विश्व कप के 2012 के संस्करण में बोस ने दक्षिण अफ्रीका की टीम की कप्तानी की थी। उस संस्करण में उन्होंने 6 पारियों में 47.16 की औसत से 283 रन बनाए थे।
दिलचस्प रूप से क्विंटन डिकॉक भी उनके नेतृत्व वाली टीम का हिस्सा थे।
2015 में वह न्यूजीलैंड में आ गए और स्टीफन फ्लेमिंग की मदद से सिडेनहैम क्रिकेट क्लब में शामिल हो गए। इसके साथ ही उन्होंने न्यूजीलैंड में अपना नया करियर शुरू किया।