Page Loader
IPL 2024 से लेकर अब तक IPL में कौन रहा है सबसे बेहतरीन फिनिशर?
2024 से IPL का सर्वश्रेष्ठ फिनिशर कौन रहा है?

IPL 2024 से लेकर अब तक IPL में कौन रहा है सबसे बेहतरीन फिनिशर?

लेखन Manoj Panchal
May 06, 2025
12:25 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 18वां सीजन जारी है। पिछले साल से लेकर अब तक हमें कई बेहतरीन फिनिशर देखने को मिले हैं। दिल्ली कैपिटल्स (DC) का प्रतिनिधित्व कर रहे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। वह 2024 से IPL में डेथ ओवरों (16-20) में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। आइए पिछले IPL सीजन की शुरुआत से अब तक डेथ ओवरों में 300 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1 

ट्रिस्टन स्टब्स (382 रन)

IPL 2024 की शुरुआत से लेकर अब तक स्टब्स ने डेथ ओवरों में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार, उन्होंने आखिरी 5 ओवरों में 240.25 की स्ट्राइक रेट से 382 रन बनाए हैं। यह अफ्रीकी बल्लेबाज इस दौरान 14 पारियों में सिर्फ 3 बार आउट हुआ है। इस दौरान उन्होंने 35 चौके और 24 छक्के लगाए हैं। उनके ये आंकड़े उन्हें सर्वश्रेष्ठ फिनिशर की उपाधि देने के लिए काफी हैं।

#2 

टिम डेविड (340 रन)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज टिम डेविड इस सूची में स्टब्स के बाद दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने पिछले IPL से लेकर अब तक 340 रन बनाए हैं। IPL 2024 से लेकर अब तक डेथ ओवरों में 17 बार बल्लेबाजी करने वाले डेविड ने 188.89 की शानदार स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए हैं। इसमें 25 छक्कों के अलावा 24 चौके भी शामिल हैं। यह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इस दौरान 9 बार आउट हुआ है।

#3 

महेंद्र सिंह धोनी (309 रन)

इस मामले में 300 से ज्यादा रन बनाने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के इस स्टार बल्लेबाज ने 22 पारियों में 188.41 की शानदार स्ट्राइक रेट से 309 रन बनाए हैं। पिछले साल से अब तक डेथ ओवर में वे 11 बार आउट हुए हैं। इस दौरान उन्होंने कुल 24 चौके और 23 छक्के भी लगाए हैं। इस IPL में धोनी CSK की कप्तानी भी कर रहे हैं।