वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका: धनंजय डी सिल्वा ने अपने टेस्ट करियर का 13वां शतक लगाया, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
एंटीगुआ में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने शानदार शतकीय पारी (120) खेली। 42 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे धनंजय ने पारी संभाला। उन्होंने दिनेश चांदीमल के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। चांदीमल ने भी 54 रन का योगदान दिया। चांदीमल के आउट होने के बाद धनंजय ने एक छोर संभाले रखा और वेस्टइंडीज को हावी नहीं होने दिया।
पारी
ऐसी रही धनंजय की पारी और साझेदारी
धनंजय ने 168 गेंदों में 120 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 17 चौके निकले। उन्होंने पहले चांदीमल के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। इसके बाद सोनल दिनुषा के साथ 149 गेंदों में 99 रन की साझेदारी निभाई। धनंजय सोनुल के आउट होने के बाद भी डटे रहे और मिलान प्रियनाथ रत्नायके के साथ पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने 150 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका तीसरा शतक साबित हुआ।
वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज के खिलाफ कमाल के हैं धनंजय के आंकड़े
धनंजय ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट 2018 में खेला था। उन्होंने 7 मुकाबले खेले हैं और इसकी 12 पारियों में 47 से ज्यादा की औसत के साथ 450 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 2 शतक के अलावा 2 अर्धशतक भी निकले हैं। इस खिलाड़ी ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन (879) बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं। धनंजय ने साल 2024 के बाद पहली बार कोई शतकीय पारी खेली है।
करियर
ऐसा रहा है धनंजय का टेस्ट करियर
धनंजय ने अपना पहला टेस्ट साल 2016 में खेला था। उन्होंने 66 मुकाबले खेले हैं और इसकी 116 पारियों में 40 से ज्यादा की औसत से 4,200 से अधिक रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 13 शतक के अलावा 19 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 173 रन रहा है। साल 2025 में श्रीलंका के कप्तान के बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला था। उन्होंने 4 मैच की 7 पारियों में 20.33 की औसत से 122 रन बनाए थे।
पारी
धनंजय के प्रथम श्रेणी करियर का 30वां शतक
धनंजय ने अपने प्रथम श्रेणी करियर का 30वां शतक लगाया। उन्होंने 158 मैचों की 271 पारियों में 10,000 से अधिक रन बनाए हैं। उनकी औसत 41 से ज्यादा की रही। उनके बल्ले से 51 अर्धशतक भी निकले हैं। धनंजय के शतक के दम पर मैच में श्रीलंका की पहली पारी 308 रन पर समाप्त हुई। उनके अलावा और कोई बल्लेबाज मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाया। जस्टिन ग्रीव्स ने वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।