वेस्टइंडीज बनाम पाकिस्तान: जेडन सील्स ने अपने टेस्ट करियर का चौथा 5 विकेट हॉल लिया
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने सीरीज के पहले टेस्ट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 90 रन से करारी शिकस्त दी। ब्रायन लारा स्टेडियम में हुए मैच में जीत के लिए मिले 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी पारी सिर्फ 120 रन पर ही सिमट गई। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स ने पाकिस्तान की दूसरी पारी में 5 विकेट लिए। आइए उनकी गेंदबाजी के बारे में जानते हैं।
प्रदर्शन
शानदार रही जेडन सील्स की गेंदबाजी
दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने विपक्षी टीम के सलामी बल्लेबाज अजान ओवैस को आउट किया।
इसके बाद उन्होंने सलमान आघा, शान मसूद, मोहम्मद अब्बास और खुर्रम शहजाद को पवेलियन की राह दिखाई।
उन्होंने 14.2 ओवर में 20 रन देते हुए 5 विकेट लिए। यह उनके टेस्ट करियर का चौथा 5 विकेट हॉल रहा।
उन्होंने पहली पारी के दौरान 73 रन देते हुए एक विकेट चटकाया था।
आंकड़े
सील्स ने पाकिस्तान के खिलाफ किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
सील्स ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस टीम के खिलाफ यह कैरेबियाई गेंदबाज का दूसरा ही 5 विकेट हॉल है।
पाकिस्तान के विरुद्ध उन्होंने अब तक सिर्फ 4 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 17.25 की औसत के साथ 20 विकेट लिए हैं।
सील्स ने अपने टेस्ट करियर में अब तक 29 मैच खेले हैं, जिसमें 25.73 की औसत के साथ 108 विकेट लिए हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 4 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं।
लेखा-जोखा
वेस्टइंडीज ने इस तरह से जीता मैच
वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 311 रन बनाए थे, जिसमें कावेम हॉज (84) और शाई होप (92) ने अर्धशतक लगाए।
जवाब में पाकिस्तानी टीम ने शान मसूद के शतक (109) के बावजूद 282 रन बनाए।
पहली पारी के आधार पर बढ़त बनाने वाली मेजबान टीम अपनी दूसरी पारी में मोहम्मद अब्बास की घातक गेंदबाजी (5/22) के सामने 181 रन पर सिमटी। आखिर में पाकिस्तानी बल्लेबाज जेडन सील्स (5/20) के सामने देर तक नहीं टिक सके।