वेस्टइंडीज बनाम नेपाल: जेसन होल्डर ने पहली बार लिया टी-20 विश्व कप में 4 विकेट हॉल
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 25वें मुकाबले में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी जेसन होल्डर ने 4 विकेट हॉल अपने नाम किया। टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी ने पहली बार 4 विकेट हॉल लिया है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 5वीं बार और नेपाल के खिलाफ दूसरी बार ये कारनामा किया। उनकी शानदार गेंदबाजी के कारण नेपाल की टीम 133/8 का स्कोर ही बना पाई। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
ऐसी रही होल्डर की गेंदबाजी
होल्डर ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 27 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी रेट 6.80 की रही। उन्होंने आसिफ शेख (11), दीपेंद्र सिंह ऐरी (58), आरिफ शेख (2) और करण केसी (1) को अपना शिकार बनाया। इस मुकाबले से पहले उन्होंने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में 3/30 के आंकड़े दर्ज किए थे। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में उन्हें एक भी सफलता नहीं मिल पाई थी।
विश्व कप
टी-20 विश्व कप में ऐसा रहा है होल्डर का प्रदर्शन
टी-20 विश्व कप में होल्डर ने अपना पहला मुकाबला साल 2021 में खेला था। उन्होंने अब तक 9 मुकाबले खेले हैं और इसकी 9 पारियों में 17.30 की शानदार औसत के साथ 13 विकेट लेने में सफल रहे हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 7.45 की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन नेपाल के खिलाफ मैच में ही आया। होल्डर विश्व कप में वेस्टइंडीज के लिए 8वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
करियर
ऐसा रहा है होल्डर का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
होल्डर ने साल 2014 के टी-20 विश्व कप में पहला मुकाबला खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 92 मुकाबले खेले हैं और इसकी 88 पारियों में 26.72 की औसत से 105 विकेट लिए हैं। उन्होंने 5 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/27 का रहा है। नेपाल के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 4 मैच की 4 पारियों में 11.66 की औसत से 9 विकेट लिए हैं।